सियोल: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। जोंग ने अमेरिका के इरादे को खारिज करते हुए का कि वाशिंगटन उनके देश को परमाणु हथियार संपन्न देश के रूप में स्वीकार करे। किम यो जोंग ने यह भी कहा कि वार्ता फिर से शुरू करने के लिए नया दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए। किम यो जोंग के बयान से संकेत मिलता है कि उत्तर कोरिया अपनी शर्तों के साथ बातचीत की मेज पर लौट सकता है।
किम की बहन ने क्या कहा?
किम की बहन ने कहा कि उनके भाई और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच संबंध खराब नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके भाई और ट्रंप के बीच के व्यक्तिगत संबंधों से उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण का उद्देश्य पूरा होने की उम्मीद की जा रही है, तो उत्तर कोरिया की नजरों में यह ‘सिर्फ एक मजाक’ भर है। सरकारी मीडिया की ओर से जारी बयान में किम यो जोंग ने कहा कि किम-ट्रंप कूटनीति के पहले दौर के बाद से उत्तर कोरिया की परमाणु क्षमता में तेजी से वृद्धि हुई है और उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र मानने से इनकार करने के किसी भी प्रयास को खारिज कर दिया जाएगा।
किम यो जोंग ने क्यों दिया बयान?
किम यो जोंग ने कहा कि वह एक अमेरिकी अधिकारी की कथित टिप्पणी का जवाब दे रही हैं, जिसमें कहा गया है कि ट्रंप परमाणु निरस्त्रीकरण पर बातचीत के लिए तैयार हैं। वह परोक्ष तौर पर योनहाप समाचार एजेंसी के शनिवार के लेख का हवाला दे रही थीं, जिसमें व्हाइट हाउस के एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से कहा गया था कि ट्रंप “उत्तर कोरिया को पूरी तरह से परमाणु मुक्त बनाने के लिए किम के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं।”
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कूटनीतिक उपलब्धि हासिल करने के लिए उत्तर कोरिया के साथ बातचीत का प्रयास कर सकते हैं। ट्रंप ने हाल ही में किम जोंग उन के साथ अपने निजी संबंधों का बखान किया था और उनके साथ परमाणु कूटनीति को फिर से शुरू करने की उम्मीद जताई थी। ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान 2018-19 में अमेरीका की कूटनीति तब विफल हो गई थी, जब उन्होंने किम का आह्वान ठुकरा दिया था। किम ने अपने मुख्य परमाणु परिसर को नष्ट करने के बदले में प्रतिबंधों में व्यापक राहत देने की मांग की थी, जो एक सीमित परमाणु निरस्त्रीकरण कदम था। तब से किम ने अपने परमाणु शस्त्रागार को आधुनिक और विस्तारित करने के लिए कई हथियार परीक्षण किए हैं। (एपी)
यह भी पढ़ें:
गाजा में भुखमरी के सबसे खराब हालात, नहीं संभले तो बड़ी संख्या में हो सकती है लोगों की मौतगाजा के ताजा हालात! एक तरफ सीजफायर की बात दूसरी तरफ इजरायल ने मचा दिया हाहाकार