1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. प्यार लांघने लगा सरहदें, अंजू के बाद चीन की महिला पहुंची पाकिस्तान, बदला धर्म, प्रेमी से किया निकाह

प्यार लांघने लगा सरहदें, अंजू के बाद चीन की महिला पहुंची पाकिस्तान, बदला धर्म, प्रेमी से किया निकाह

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Jul 27, 2023 07:06 pm IST,  Updated : Jul 27, 2023 07:06 pm IST

पाकिस्तान की सीमा हैदर, भारत की अंजू के बाद अब चीन की महिला ने अपने प्रेमी से मिलने और उससे निकाह करने के लिए सरहद लांघी है। चीनी महिला ने पाकिस्तान पहुंचकर धर्म परिवर्तन किया, फिर पाकिस्तानी युवक से निकाह कर लिया।

प्यार लांघने लगा सरहदें, अंजू के बाद चीन की महिला पहुंची पाकिस्तान, बदला धर्म, प्रेमी से किया निकाह- India TV Hindi
प्यार लांघने लगा सरहदें, अंजू के बाद चीन की महिला पहुंची पाकिस्तान, बदला धर्म, प्रेमी से किया निकाह Image Source : FILE

Pakistan News: भारत की अंजू ने पाकिस्तान से पहुंचकर प्रेमी से निकाह किया। ये खबर अभी चर्चा में ही है कि सरहद लांघकर प्रेम कहानी लिखने का एक और मामला सामने आ गया है। इस बार चीन की महिला सरहद लांघकर पाकिस्तान पहुंच गई और अपने प्रेमी के साथ निकाह कर लिया। जानकारी के अनुसार सीमा लांघकर अपने प्रेमी से मिलने और निकाह करने का एक और मामला सामने आया है। चीन की युवती अपने प्रेमी से मिलने पाकिस्तान पहुंच गई। दरअसल, चीन की एक महिला सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी युवक से मुलाकात और उसके प्यार में पड़ने के बाद उससे मिलने खैबर पख्तूनख्वा पहुंच गई। इतना ही नहीं चीनी युवती अपने प्रेमी जावेद से निकाह करके अब गाओ फेंग से किस्वा बन गई है। यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी।

पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान गाओ फेंग के रूप में हुई है, जो तीन महीने के वीजा पर गिलगित के रास्ते चीन से बुधवार को इस्लामाबाद पहुंची। 21 साल की इस चीनी युवती को उसका 18 वर्षीय दोस्त जावेद लेने पहुंचा था, जो अफगानिस्तानी सीमा से सटे बाजौर जनजातीय जिले का रहने वाला है। बाजौर में सुरक्षा हालात के चलते जावेद अपनी दोस्त को अपने होम टाउन न ले जाकर लोअर दीर जिले के समरबाग तहसील में अपने मामा के घर ले गया है। 

'स्नैपचैट' से आए एकदूसरे के संपर्क में, दोस्ती बदल गई प्यार में

पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले तीन साल से 'स्नैपचैट' के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। जावेद के ममेरे भाई इज्जतुल्ला खान ने फोन पर बताया कि गाओ ने इस्लाम कबूल करने के बाद बुधवार को जावेद से निकाह कर लिया और उसका नया नाम किस्वा है। इज्जतुल्ला ने बताया कि गाओ 20 जुलाई को इस्लामाबाद पहुंची थी, जहां वह और जावेद उसे लेने पहुंचे थे। वहां से 21 जुलाई को वे लोअर दीर आए, जहां गाओ समरबाग में इज्जतुल्लाह के घर पर ठहरी थी। उसने बताया कि जावेद और गाओ ने बुधवार को निकाह किया और सुरक्षा कारणों व रमजान के पाक महीने की वजह से जिले में सुरक्षा हालात के मद्देनजर स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के समझाने के बाद दोनों इस्लामाबाद के लिए निकल गए। 

करेंगे कोर्ट मैरिज, चीन जाएगा जावेद

इज्जतुल्ला ने बताया कि जावेद बाजौर डिग्री कॉलेज से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा है और चीन में गाओ के साथ अदालत में विवाह करेगा। पुलिस ने भी इन जानकारियों की पुष्टि की है। इज्जतुल्ला ने बताया कि गाओ कुछ दिनों में चीन लौट जाएगी जबकि जावेद पाकिस्तान में ही रुकेगा। उसने बताया कि जावेद पाकिस्तान में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद चीन जाएगा, जिसमें करीब एक साल लगेगा। इससे पहले गाओ के समरबाग में ठहरने के दौरान लोअर दीर जिले के पुलिस अधिकारी जियाउद्दीन ने मीडिया को बताया था कि उसे पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराई गई है और मुहर्रम एवं इलाके में सुरक्षा कारणों की वजह से उसे खुले में घूमने से मना किया गया है। 

चीनी महिला के डॉक्यूमेंट्स पूरी तरह वैध, बोली पाकिस्तान पुलिस

पुलिस ने बताया कि महिला के यात्रा दस्तावेज बिल्कुल वैध हैं। इससे पहले भारत के राजस्थान राज्य की 34 वर्षीय अंजू अपने 29 वर्षीय पाकिस्तानी दोस्त नसरुल्ला से मिलने के लिए खैबर पख्तूनख्वा के अपर दीर जिले में आ पहुंची थी। अंजू की फेसबुक पर नसरुल्ला से मुलाकात हुई थी। बाद में अंजू ने इस्लाम कबूल कर नसरुल्ला से निकाह कर लिया था और अब उसका नया नाम फातिमा है।

पाकिस्तान की सीमा हैदर ने भारत के सचिन से रचाया विवाह

सरहद पार करके प्रेमी से मिलने का एक मामला इससे पहले और आया जब 30 वर्षीय सीमा हैदर पाकिस्तान से भारत के नोएडा में आई और किराने की दुकान चलाने वाले 22 साल के सचिन से शादी कर ली। शादी करके सीमा ने हिंदू धर्म अपना लिया। 2019 में पब्जी खेलते वक्त दोनों की दोस्ती बढ़ी। यूपी पुलिस हालांकि सीमा हैदर से पूछताछ कर र​ही है। यूपी एटीएस ने भी सीमा से पूछताछ की है। क्योंकि सीमा अवैध रूप से भारत आई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश