1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल के बाद अब इस देश में Gen-Z के प्रदर्शन से हिल गई सरकार, देश छोड़कर भागे राष्ट्रपति

नेपाल के बाद अब इस देश में Gen-Z के प्रदर्शन से हिल गई सरकार, देश छोड़कर भागे राष्ट्रपति

 Published : Oct 14, 2025 11:31 am IST,  Updated : Oct 14, 2025 11:31 am IST

मेडागास्कर में पानी और बिजली की कटौती से शुरू हुए Gen-Z प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना को देश छोड़कर भागना पड़ा है।

Madagascar Gen-Z Protest- India TV Hindi
Madagascar Gen-Z Protest Image Source : AP

Madagascar Gen-Z Protest: नेपाल के बाद अब एक और देश में Gen-Z का उग्र प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। प्रदर्शन की वजह से हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने देश छोड़ दिया है। राजोइलिना ने कहा कि सैन्य विद्रोह के बाद उनकी जान को खतरा था और इसलिए वह देश छोड़कर भाग गए है। मेडागास्कर के राष्ट्रपति ने देश छोड़ने के बाद किसी अज्ञात स्थान से राष्ट्रीय टेलीविजन पर देशवासियों को संबोधित किया है। 

'किया जा रहा है सत्ता हथियाने का अवैध प्रयास'

देश में अराजकता भरे माहौल में राजोइलिना ने कहा कि हिंद महासागर के इस द्वीप की सत्ता हथियाने का अवैध प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने देर रात अपने भाषण में कहा, ‘‘मुझे अपने जीवन की रक्षा के लिए सुरक्षित स्थान खोजने पर मजबूर होना पड़ा।’’ सैन्य इकाई ‘कैपसैट’ के तख्तापलट के प्रयासों और राजधानी अंतानानारिवो के एक मुख्य चौक पर हजारों प्रदर्शनकारियों के साथ रैली में शामिल होने के बाद राजोइलिना की यह पहली सार्वजनिक टिप्पणी थी।

राष्ट्रपति पद से नहीं दिया इस्तीफा

राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने अपने संबोधन में राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने की बात नहीं कही है। देश में बीते कई दिनों से सरकार के विरोध में Gen-Z का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त और गंभीर हो गए थे जब शनिवार को सेना का एक दल भी इसमें शामिल हो गया था। प्रदर्शन के दौरान सेना से जुड़े लोगों ने भी राष्ट्रपति और मंत्रियों से पद छोड़ने की मांग कर दी है।

Madagascar Gen-Z Protest
Image Source : APMadagascar Gen-Z Protest
  

'संविधान का सम्मान होना चाहिए'

राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने देश में बने हालातों से बाहर निकलने के लिए बातचीत करने की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान किया जाना चाहिए।राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि वह मेडागास्कर से कैसे निकले या कहां थे, लेकिन एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्हें फ्रांस के एक सैन्य विमान से देश से बाहर ले जाया गया। वहीं, फ्रांस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस संबंध में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। 

कब शुरू हुए थे प्रदर्शन?

मेडागास्कर फ्रांस का उपनिवेश रहा है और राजोइलिना के पास कथित तौर पर फ्रांसीसी नागरिकता है, जिसे लेकर कुछ देशवासी असंतोष व्यक्त कर चुके हैं। सरकार विरोधी प्रदर्शन 25 सितंबर को पानी और बिजली की लगातार कटौती के विरोध में शुरू हुए थे। (एपी)

यह भी पढ़ें:

ट्रंप ने कही यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलें देने की बात तो भड़का रूस, बोला- 'हो सकते हैं विनाशकारी नतीजे'

भारत महान देश... शहबाज शरीफ के सामने ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, देखते रहे PAK प्रधानमंत्री

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश