1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के खैबरपख्तूनख्वा गैस पाइपलाइन में भीषण विस्फोट, 8 लोगों की मौत

पाकिस्तान के खैबरपख्तूनख्वा गैस पाइपलाइन में भीषण विस्फोट, 8 लोगों की मौत

 Published : Apr 17, 2026 09:12 am IST,  Updated : Apr 17, 2026 09:12 am IST

पाकिस्तान के खैबरपख्तूनख्वा इलाके में एक गैस पाइपलाइन फटने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए।

पाकिस्तान में गैसपाइपलाइन विस्फोट के मौके पर पहुंची एंबुलेंस (फाइल)- India TV Hindi
पाकिस्तान में गैसपाइपलाइन विस्फोट के मौके पर पहुंची एंबुलेंस (फाइल) Image Source : AP

पेशावर (पाकिस्तान): पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हरिपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक औद्योगिक क्षेत्र में गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। यह घटना हरिपुर जिले के हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट में ‘ग्रैंड ट्रंक रोड’ के पास स्थित एक कारखाने के निकट हुई। 

विस्फोट के बाद लगी आग

बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि तुरंत भीषण आग लग गई, जो आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई। आग की चपेट में एक निकटवर्ती मकान भी आ गया, जिससे नुकसान और बढ़ गया तथा बचाव कार्य जटिल हो गया। पाकिस्तान की आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हरिपुर के जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग के तेजी से फैलने के दौरान कम से कम चार महिलाओं और छह बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं और बचाव कार्य अभी भी जारी है।

दम घुटने से हुईं मौतें

हरिपुर के उपायुक्त वसीम अहमद ने कहा कि अधिकांश मौतों का मुख्य कारण दम घुटना प्रतीत होता है। घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल भेजवा कर उनका इलाज कराया जा रहा है। गैस पाइपलाइन में धमाका की वजहों को फिलहाल पता नहीं चल सका है। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी आवाजें सुनी गईं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश