संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का कहना है कि ईरान ने रविवार को ताजा हमलों में 16 बैलिस्टिक मिसाइलें और 117 से अधिक ड्रोन दागे हैं। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने सभी 16 मिसाइलों को मार गिराया, जबकि 17वीं मिसाइल समुद्र में गिर गई।
अधिकांश ड्रोनों को किया गया नष्ट
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने ईरान की ओर से दागे गए अधिकांश ड्रोन को आसमान में ही नष्ट कर दिया, लेकिन चार ड्रोन संयुक्त अरब अमीरात की धरती पर गिरे। मंत्रालय ने कहा कि वह इन हमलों का 'दृढ़तापूर्वक सामना' करने के लिए तैयार है।
अमेरिकी ठिकानों पर हमले की धमकी
इससे पहले, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने इजराइल और अमेरिका द्वारा जारी हमलों के मद्देनजर रविवार को पूरे क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हमले बढ़ाने की धमकी दी थी। ईरान लगातार यूएई के अमेरिकी एयरबेस को निशाना भी बना रहा है।
बिना शर्त सरेंडर की मांग खारिज
ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बिना शर्त सरेंडर की मांग खारिज कर दी। पेजेश्कियान ने कहा, 'यह एक ऐसा सपना है, जिसे उन लोगों को अपने साथ कब्र में ले जाना चाहिए।'
ट्रंप ने ईरान को दी नई धमकी
पेजेश्कियान के संदेश के तुरंत बाद, ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में चेतावनी दी कि युद्ध में और भी ईरानी अधिकारी निशाने पर आएंगे। इस बीच, ईरान की नेतृत्व परिषद के एक अन्य सदस्य और कट्टरपंथी न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसिनी-एजेई ने संकेत दिया कि युद्ध रणनीति नहीं बदलेगी।
जारी रहेंगे तेज हमले
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'क्षेत्र के कुछ देशों का भूगोल-प्रत्यक्ष और परोक्ष, दोनों तरह से - दुश्मन के हाथ में है और उन स्थानों का इस्तेमाल हमारे देश के खिलाफ आक्रामक कार्रवाइयों में किया जा रहा है। इन लक्ष्यों पर तेज हमले जारी रहेंगे।'
ये भी पढ़ें: