1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पिता के अंतिम संस्कार में नहीं शामिल होंगे मोजतबा खामेनेई, इजरायल लगातार दे रहा है धमकियां

पिता के अंतिम संस्कार में नहीं शामिल होंगे मोजतबा खामेनेई, इजरायल लगातार दे रहा है धमकियां

 Published : Jul 03, 2026 07:48 am IST,  Updated : Jul 03, 2026 07:48 am IST

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई सुरक्षा कारणों से अपने पिता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे। बता दें कि इजरायल ने मोजतबा को मारने की धमकी दी है जिसके बाद ईरान ने कड़ी चेतावनी दी है।

Mojtaba Khamenei, Ali Khamenei Funeral, Israel Katz- India TV Hindi
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई को लेकर इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज ने बड़ी धमकी दी है। Image Source : AP

तेहरान: ईरान के मौजूदा सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई अपने पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में सुरक्षा कारणों से शामिल नहीं होंगे। यह जानकारी भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि आयतुल्ला हाकिम इलाही ने दी है। इलाही के मुताबिक, इजरायल की ओर से मिल रही धमकियों और निगरानी के खतरे को देखते हुए मोजतबा खामेनेई का सार्वजनिक रूप से अंतिम संस्कार में शामिल होना सुरक्षित नहीं माना गया है। इसी वजह से उन्होंने अंतिम संस्कार समारोह से दूर रहने का फैसला किया है।

अरागची ने अमेरिका से कहा- 'इजरायल को कंट्रोल करो'

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने बुधवार को अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा कि वे इजरायल को नियंत्रित करें। यह बयान उस समय आया जब इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कथित तौर पर कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई निशाने पर हैं। अरागची ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा,

'इस्लामाबाद MoU की शर्तें बिल्कुल स्पष्ट हैं और सभी के सामने हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिका की ओर से तेल अवीव में अपने सहयोगियों को नियंत्रित करने की प्रतिबद्धता जताई है। यदि वे उनकी बात नहीं मानते हैं तो ईरान उन्हें सबक सिखाएगा। हमारे लोगों और हमारे नेतृत्व के खिलाफ किसी भी तरह की धमकी का तुरंत और कड़ा जवाब दिया जाएगा।'

'ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा हमारे निशाने पर हैं'

अरागची ने अपने पोस्ट के साथ काट्ज के बयान का भी जिक्र किया। रिपोर्ट के मुताबिक, काट्ज ने सोमवार को कहा था कि ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई 'मौत के निशाने पर हैं।' उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी बातचीत के दौरान रियायतें हासिल करने की कोशिश करने वाले 'अच्छे व्यापारी' हैं। साथ ही उन्होंने दोहराया कि इजरायल ईरान को परमाणु हथियार विकसित नहीं करने देगा। उन्होंने कहा, 'अगर यह किसी समझौते के जरिए हो जाए तो और भी बेहतर होगा।'

'सभी पक्षों ने बातचीत आगे जारी रखने पर सहमति जताई'

इससे पहले 1 जुलाई को कतर और पाकिस्तान ने दोहा में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें की थीं। इन बैठकों में 14 सूत्रीय MoU से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति होने की जानकारी दी गई। कतर के प्रधानमंत्री के सलाहकार और विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने X पर बताया कि सभी पक्षों ने बातचीत आगे जारी रखने पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि पूर्व ईरानी सर्वोच्च नेता के अंतिम संस्कार की प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अगली बैठक जल्द तय की जाएगी।

ईरान और इराक में 4 से 9 जुलाई तक होंगे कार्यक्रम

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 4 जुलाई से 9 जुलाई तक ईरान और इराक के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के पहले दिन हुए एक हवाई हमले में मौत हो गई थी।

ये भी पढ़ें:

'अयातुल्लाह खामेनेई के खून का बदला लेंगे...', शांति वार्ता के बीच ईरान ने दे दी बड़ी चेतावनी

अमेरिका के साथ शांति वार्ता पर ईरानी राष्ट्रपति को अपने ही देश में झेलना पड़ रहा विरोध, बताया क्यों कर रहे हैं बात?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश