1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. म्यांमार में 300 से अधिक परमाणु बमों जितनी ताकत से कांपी धरती, अमेरिकी भूविज्ञानी ने दी चेतवानी

म्यांमार में 300 से अधिक परमाणु बमों जितनी ताकत से कांपी धरती, अमेरिकी भूविज्ञानी ने दी चेतवानी

 Published : Mar 31, 2025 01:16 pm IST,  Updated : Mar 31, 2025 01:16 pm IST

म्यांमार में भूकंप ने तबाही मचाई है। भूकंप से कई इमारतें जमींदोज हो गई हैं और सड़कों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। म्यांमार के इस भूकंप की भयावहता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इसने 334 परमाणु बमों के बराबर उर्जा रिलीज की है।

म्यांमार में भूकंप- India TV Hindi
म्यांमार में भूकंप Image Source : AP

Myanmar Earthuake: म्यांमार में शुक्रवार (29 मार्च 2025) को आए भूकंप ने ना केवल भारी नुकसान किया है बल्कि आने वाले दिनों के लिए भी इसे चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। एक प्रमुख अमेरिकी भूविज्ञानी के अनुसार, म्यांमार में लगभग 1700 लोगों की जान लेने वाले 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने 300 से अधिक परमाणु बमों के बराबर ऊर्जा उत्सर्जित की है। 

महीनों तक लग सकते हैं भूकंप के झटके

भूविज्ञानी जेस फीनिक्स ने सीएनएन को बताया, "इस तरह के भूकंप से निकलने वाली शक्ति लगभग 334 परमाणु बमों के बराबर है।"  फीनिक्स ने यह भी चेतावनी दी कि शुक्रवार को म्यांमार में आए भूकंप के झटके "महीनों तक बने रह सकते हैं।" उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए होगा क्योंकि भारतीय टेक्टोनिक प्लेट म्यांमार के नीचे यूरेशियन प्लेट से टकराती रहती हैं। 

इस वजह से बढ़ गई भूकंप की तीव्रता

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की उथली गहराई पर स्थित था, जिससे इसकी तीव्रता और बढ़ गई। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह केवल एक शुरुआत हो सकती है और आने वाले महीनों में भूकंप के और झटके महसूस किए जा सकते हैं।

म्यांमार में भूकंप
Image Source : APम्यांमार में भूकंप

कई इलाकों से टूटा संपर्क

म्यांमार में आया भूकंप देश में एक सदी से भी अधिक समय में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप था। हालात ऐसे हैं कि बचाव दल प्रभावित लोगों तक पहुंचने में नाकाम हो रहे हैं। खासतौर पर उन इलाकों में जहां इरावदी नदी पर एक प्रमुख पुल के ढह जाने से संपर्क टूट गया है। माना जा रहा है कि मृतकों की सही संख्या सामने आने में कई सप्ताह लग सकते हैं।

महामारी फैलने का खतरा

म्यांमार में भूकंप के बाद मलबे में दबी लाशों की भीषण दुर्गंध चारों ओर फैल गई है। महामारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। जैसे-जैसे वक्त बीत रहा है मलबे में दबे लोगों के जीवित मिलने की उम्मीदें कम होती जा रही हैं। भारत से भी कई टीमें म्यांमार में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने और घायलों के इलाज के लिए पहुंच चुकी हैं।

यह भी पढ़ें:

म्यांमार में आए भूकंप के बाद भयावह हैं हालात, अब तक 1700 से अधिक लोगों की हुई मौत; हजारों घायल

म्यांमार के बाद अब इस देश में भी आया 7 से अधिक तीव्रता का भूकंप, भारी नुकसान की आशंका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश