काठमांडू: नेपाल में सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के प्रमुख मंत्रियों के नाम लगभग फाइनल हो गए हैं। नेपाल के राष्ट्रपति भवन (शीतल निवास ) के सूत्रों के अनुसार, चार महत्वपूर्ण नाम राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को भेजे गए हैं, जिनमें ओमप्रकाश अर्याल को गृह मंत्री, रामेश्वर खनाल को वित्त मंत्री, कुलमान घीसिंग को ऊर्जा मंत्री और बालानंद शर्मा को रक्षा मंत्री के रूप में नियुक्त करने की बात कही गई है। इस तरह से सुशीला कार्की की सरकार मे शपथ लेने वाले कुछ मंत्रियों के नाम लगभग तय हो गए हैं और उनके नियुक्ति की तैयारी चल रही है। नेपाल में सोमवार, 15 सितंबर को इन मंत्रियों का शपथ ग्रहण हो सकता है।
जानिए इनके बारे में
रामेश्वर खनाल नेपाल के पूर्व वित्त सचिव हैं और आर्थिक सुधारों के पक्षधर रहे हैं।
ओमप्रकाश अर्याल सुप्रीम कोर्ट के चर्चित वकील हैं, सुशीला कार्की के भरोसेमंद हैं और उन्होंने पिछली सरकारों के खिलाफ 50 से अधिक पेटिशन दायर किया हुआ हैं।
कुलमान घीसिंग नेपाल विद्युत प्राधिकरण के पूर्व महानिदेशक हैं और नेपाल के ऊर्जा क्षेत्र में सुधार के लिए जाने जाते हैं।
नेपाल भारत के बीच हुए ऊर्जा समझौते में घीसिंग ने अहम भूमिका निर्वाह की जिसके अंतर्गत 10 सालों में 10 हजार मेगावाट बिजली व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर संभव हो पाया।
बालानंद शर्मा नेपाली सेना के रिटायर्ड लेफ्टीनेंट जेनरल हैं और माओवादी लड़ाकुओं के नेपाली सेना समायोजन में अहम भूमिका रही है।
असीम मान सिंह बस्नेत नेपाल में शेयर राइडिंग पठाओ के संस्थापक हैं।
सूत्रों के मुताबिक बाकी मंत्रियों के नामों पर बाद में चर्चा होगी। ऐसे में लगता है कि नेपाल की राजनीतिक अस्थिरता अब जल्द समाप्त होगी। इसके अलावा, नेपाली क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान पारस खड़का का नाम युवा एवं खेलकूद मंत्रालय के लिए तय हो गया है, जबकि उद्योगपति असीम मान सिंह बस्नेत को फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और यातायात मंत्री बनाए जाने की प्रबल संभावना है।