1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में जारी अराजकता से कैसे निपट रही है वहां की सेना? अब तक उठाए ये कदम

नेपाल में जारी अराजकता से कैसे निपट रही है वहां की सेना? अब तक उठाए ये कदम

 Reported By: Vishal Pratap Singh Edited By: Subhash Kumar
 Published : Sep 10, 2025 12:58 pm IST,  Updated : Sep 10, 2025 01:01 pm IST

नेपाल में जारी अराजकता के बीच अब वहां की सेना ने सुरक्षा की कमान अपने हाथों में ले ली है। नेपाल आर्मी और APF यानि आर्म्ड पुलिस फ़ोर्स हालात को सामान्य करने के लिए सड़कों पर हैं।

NEPAL PROTEST VIOLENCE- India TV Hindi
नेपाल में जारी है हिंसा। Image Source : PTI

नेपाल में सोमवार से भड़की हिंसा की आग अब तक शांत नहीं हो पा रही है। उपद्रवियों ने मंत्रियों के बंगले, सरकारी  दफ्तर, नेताओं के घर और कई निजी और सार्वजनिक जगहों को आग के हवाले कर दिया है। जगह-जगह से हिंसा आगजनी की तस्वीरें सामने आ रही हैं। उपद्रवियों ने पूरे शहर में आगजनी और तोड़फोड़ कर तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। Gen-Z आंदोलन की वजह से 2 दिन से सुलग रहे नेपाल में अब फौज की तैनाती हो गई है। इस बीच बड़ी खबर ये भी सामने आ रही है कि नेपाल की सेना ने पूरे देश में कर्फ्यू लगा दिया है।

नेपाली सेना ने लगाया कर्फ्यू

नेपाली सेना ने बुधवार को सुबह से शाम पांच बजे तक देशव्यापी प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिए और अगले दिन सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लगा दिया है। सेना ने चेतावनी दी है कि इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, तोड़फोड़, आगजनी व व्यक्तियों या संपत्ति को निशाना बनाने वाले हमलों को आपराधिक गतिविधि माना जाएगा और उससे निपटा जाएगा। एम्बुलेंस, दमकल, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और सुरक्षा बलों सहित आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों और कर्मियों को प्रतिबंधात्मक आदेशों और कर्फ्यू के दौरान काम करने की अनुमति होगी।

सड़कों पर सेना की बख्तरबंद गाड़ियां उतरी 

नेपाल में तख्तापलट के बाद सेना ने कानून व्यवस्था की कमान संभाल ली है। काठमांडू की सड़कों पर सेना की बख्तरबंद गाड़ियां उतरी हैं। कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। त्रिभुवन एयरपोर्ट पर आर्मी का कंट्रोल है और सभी एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही बंद कर दी गई है। इस्तीफे के बाद पीएम केपी ओली अज्ञात जगह पर भेजे गए हैं। आंदोलनकारियों ने काठमांडू के मेयर बालेन शाह के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनाने की अपील की है।

राख को खुद से समेट रही है सेना

नेपालगंज मे नेपाल आर्मी और APF यानि आर्म्ड पुलिस फ़ोर्स तबाही के निशान खुद ही मिटा रही है। यानि सड़क पर पड़ी हुई राख को खुद से समेट रही है, ताकि सड़कों पर अब हालात सामान्य दिखे। नेपालगंज मे कर्फ्यू लगा दिया गया है। हालांकि, इमरजेंसी कार्य होते रहेंगे, कोई कही जरूरी काम से जा रहा है तो मना नहीं किया जा रहा है।

कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया

मंगलवार को रात 10 बजे के बाद से काठमांडू की सड़कों पर फौज की मूवमेंट की शुरुआत हो गई। नेपाल आर्मी की कई बख्तरबंद गाड़ियां रात भर काठमांडू की सड़कों पर गश्त करती रहीं। इस बीच फौज ने कई उपद्रवियों को हिरासत में भी लिया है। कुल मिलाकर अब नेपाल में हालात को काबू में करने की जिम्मेदारी फौज पर आ गई है।

आर्मी चीफ ने दिया जनता को संदेश

आर्मी के सड़क पर उतरने से पहले आर्मी चीफ अशोकराज सिग्देल ने राष्ट्र के नाम संदेश दिया। इस संदेश में उन्होंने आंदोलनकारियों को बातचीत का ऑफर देते हुए उनसे प्रदर्शन स्थगित करने की अपील है। आर्मी चीफ की अपील के बाद फौज की मूवमेंट शुरू हुई है। इससे पहले राजधानी काठमांडू और आसपास के इलाकों में झड़पों और आगजनी में अब तक 22 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल हैं।

ये भी पढ़ें- नेपाल में आगजनी और हिंसा से बिगड़े हालात, 18 जिलों की जेल से करीब 6 हजार कैदी फरार, लिस्ट आई सामने

Nepal Gen-Z Protest: नेपाली सेना ने लगाया देशव्यापी कर्फ्यू, प्रदर्शनकारियों को दी बड़ी चेतावनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश