1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Russia-Ukraine War में आया नया मोड़, उत्तर कोरिया करेगा रूस की सैन्य मदद; यूरोपीय देशों में हड़कंप

Russia-Ukraine War में आया नया मोड़, उत्तर कोरिया करेगा रूस की सैन्य मदद; यूरोपीय देशों में हड़कंप

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jul 27, 2023 09:46 am IST,  Updated : Jul 27, 2023 09:48 am IST

उत्तर कोरिया की यूक्रेन युद्ध में एंट्री से नया मोड़ आ गया है। घातक मिसाइलों और परमाणु हथियारों के लिए जाना जाने वाला उत्तर कोरिया अब यूक्रेन के खिलाफ रूस की सैन्य मदद करेगा। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने रूसी रक्षामंत्री सर्गेई शोइगू से मुलाकात की और अपने जखीरे के हथियारों का निरीक्षण भी कराया।

रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मिलते उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन।- India TV Hindi
रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मिलते उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन। Image Source : AP

रूस-यूक्रेन युद्ध में अब नया मोड़ आ गया है। मिसाइलों का बादशाह कहा जाने वाला देश उत्तर कोरिया अब युद्ध में रूस की सैन्य मदद करेगा। उत्तर कोरिया के पास एक से एक खतरनाक परमाणु मिसाइलें और गगनभेदी हथियार हैं, जो यूक्रेन में पलक झपकते तबाही मचा सकते हैं। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और रूसी रक्षामंत्री सर्गेई शोइगू की सैन्य सहयोग के मुद्दे पर हुई मुलाकात के बाद से यूक्रेन से लेकर यूरोप और पश्चिमी देशों में हड़कंप मच गया है। अमेरिका उत्तर कोरिया के सैन्य सहयोग के तौर पर दी जाने वाली हर मदद पर बारीकी से नजर रख रहा है।

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने सैन्य मुद्दों और क्षेत्रीय सुरक्षा माहौल पर चर्चा के लिए रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मुलाकात की। सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को बताया कि देश 1950-53 के युद्धविराम की 70वीं वर्षगांठ मना रहा है। उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने बताया कि किम और शोइगु की मुलाकात बुधवार को राजधानी प्योंगयांग में हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने ‘राष्ट्रीय रक्षा तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के माहौल को लेकर आपसी चिंता के मामलों’ पर सहमति व्यक्त की। हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि दोनों ने क्या चर्चा की।

किम जोंग ने अपने जखीरे के हथियारों का कराया रूसी रक्षामंत्री को निरीक्षण

केसीएनए ने यह भी बताया कि किम जोंग उन रूसी रक्षामंत्री शोइगु को एक हथियार प्रदर्शनी में भी ले गए, जहां उत्तर कोरिया के कुछ नए हथियारों को रखा गया था। किम ने शोइगु को देश की सैन्य क्षमताओं का विस्तार करने की राष्ट्रीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान सर्गेई ने उत्तर कोरिया के अत्याधुनिक और खतरनाक हथियारों को करीब से देखकर उसका निरीक्षण किया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बुधवार को शोइगु ने उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्री कांग सुन नाम के साथ भी बातचीत की, जिसका उद्देश्य ‘दोनों देशों के रक्षा विभागों के बीच सहयोग को मजबूत करना’ था।  (एपी)

यह भी पढ़ें

लद्दाख से गायब हुई 28 वर्षीय भारतीय महिला का पाकिस्तान में मिला शव, पाक निवासियों ने किया ये काम

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने भारत से जुड़े इस मुद्दे पर मांगा सभी दलों का समर्थन, जानें पूरा मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश