सियोल: उत्तर कोरिया ने सोमवार को कहा कि उसके नेता किम जोंग उन ने एक नए हथियार कारखाने का निरीक्षण किया है, जो मिसाइलों के बड़े पैमाने पर उत्पादन की उनकी योजना को तेज करने के लिए महत्वपूर्ण है। किम ने यह दौरा चीन में एक बड़ी सैन्य परेड में शामिल होने से पहले किया है। उत्तर कोरिया की आधिकारिक ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (KCNA) ने यह नहीं बताया कि किम ने जिस कारखाने का निरीक्षण किया, वह कहां स्थित है लेकिन ऐसा अनुमान है कि यह जांगांग प्रांत में हो सकता है, जो चीन से सटा हुआ देश का प्रमुख शस्त्र उद्योग केंद्र है।
चीन में आयोजित होगी भव्य परेड
चीन और उत्तर कोरिया दोनों ने पिछले सप्ताह पुष्टि की थी कि किम 6 साल बाद पहली बार चीन जाएंगे और बुधवार को बीजिंग में आयोजित होने वाली सैन्य परेड में शामिल होंगे। यह परेड द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति और जापानी आक्रामकता के विरुद्ध चीन के प्रतिरोध की 80वीं वर्षगांठ पर हो रही है। इस परेड में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा आमंत्रित 26 विदेशी नेताओं में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल हैं। पुतिन को यूक्रेन पर हमले में किम का बड़ा समर्थन मिला है।

ट्रेन से चीन जा सकते हैं किम जोंग उन
बीजिंग की यह परेड अमेरिका के दक्षिण कोरिया और जापान के साथ सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के प्रयासों के खिलाफ तीनों देशों की नजदीकी को प्रदर्शित करेगी। दक्षिण कोरियाई मीडिया में अटकल लगाई गई है कि किम सोमवार को ट्रेन से चीन रवाना हो सकते हैं। चीन के दांडोंग सीमा शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और रेल यातायात रोक दिया गया है। दक्षिण कोरियाई अधिकारियों का कहना है कि किम रूस को तोपखाने और बैलिस्टिक मिसाइलों सहित बड़ी मात्रा में हथियार उपलब्ध करा रहे हैं और हजारों सैनिक भी भेज चुके हैं।
दक्षिण कोरिया और अमेरिका पर भड़का उत्तर कोरिया
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने अपना वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ पूरा किया था। इस संयुक्त सैन्य अभ्यास को लेकर दक्षिण कोरिया और अमेरिका पर उत्तर कोरिया भड़क गया था। उत्तर कोरिया ने चेतावनी दी थी कि इस तरह के अभ्यास से क्षेत्रीय तनाव बढ़ेगा। (एपी)
यह भी पढ़ें:
मोदी-जिनपिंग और पुतिन के तालमेल से क्यों बौखलाया ट्रंप का ये चेला, भारत की आलोचना करते हुए ले आया जातिवादी एंगल