1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दी बड़ी धमकी, कहा-'अफगान तालिबान को खत्म करके गुफा में डाल देंगे'

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दी बड़ी धमकी, कहा-'अफगान तालिबान को खत्म करके गुफा में डाल देंगे'

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Oct 29, 2025 06:10 pm IST,  Updated : Oct 29, 2025 06:10 pm IST

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने तालिबान के साथ शांतिवार्ता विफल हो जाने पर बड़ी धमकी दी है। ख्वाजा ने कहा है कि वह अफगान तालिबान को खत्म करके उन्हें वापस गुफा में धकेल देंगे।

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ तालिबानी समकक्ष मुल्ला मोहम्मद याकूब के साथ (फाइल)- India TV Hindi
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ तालिबानी समकक्ष मुल्ला मोहम्मद याकूब के साथ (फाइल) Image Source : AP

इस्लामाबाद: पाकिस्तान और अफगानिस्तान में शांति वार्ता की विफलता के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इससे बौखलाए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को अफगानिस्तान को बड़ी धमकी दे डाली है। ख्वाजा ने अफगानिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में पाकिस्तानी सरजमीं पर कोई आतंकवादी हमला होता है, तो वे अफगान तालिबान शासन को ‘पूरी तरह खत्म’ कर देंगे और उसके लड़ाकों को पहाड़ी गुफाओं में वापस धकेल देंगे। यह बयान तुर्की के इस्तांबुल में चार दिवसीय शांति वार्ता के असफल होने के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी किया गया। इससे दोनों देशों में तनाव और बढ़ने की आशंका है। 

क्यों विफल हुई पाकिस्तान-अफगानिस्तान वार्ता

पाकिस्तान की मांग थी कि तालिबान अफगानिस्तान की जमीन से पाकिस्तान के खिलाफ आतंक फैलाने वाले समूहों, जैसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, लेकिन इस पर कोई सहमति न बन पाने से बातचीत टूट गई। आसिफ ने कहा कि मित्र देशों के आग्रह पर पाकिस्तान ने शांति के लिए संवाद शुरू किया था, लेकिन “कुछ अफगान अधिकारियों के जहरीले बयान तालिबान शासन की कुटिल मानसिकता को उजागर करते हैं”। ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए बयान में आसिफ ने कहा, “मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि तालिबान शासन को पूरी तरह से खत्म करने और उन्हें वापस गुफाओं में धकेलने के लिए पाकिस्तान को अपने पूरे शस्त्रागार का एक अंश भी इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यदि वे ऐसा चाहते हैं, तो तोरा बोरा में उनकी पराजय के दृश्यों की पुनरावृत्ति क्षेत्र के लोगों के लिए निश्चित रूप से देखने लायक तमाशा होगी।” 

क्या हैं तोरा बोरा की गुफाएं

आसिफ ने 2001 में अमेरिकी अभियान के दौरान तोरा बोरा गुफाओं में तालिबान की हार का जिक्र करते हुए पाकिस्तान की सैन्य क्षमता की तारीफ की। इस दौरान आसिफ ने कहा कि तालिबान को खत्म करके उन्हें वापस उन्हीं गुफाओं में धकेल देंगे।  आसिफ ने तालिबान शासन के अंदर के “युद्धोन्मादी तत्वों” को निशाना बनाते हुए कहा कि जिनके हित क्षेत्र में अस्थिरता बनाए रखने में हैं, उन्हें पाकिस्तान के संकल्प और साहस को कम नहीं आंकना चाहिए। 


तालिबान लड़ना चाहता है तो परिणाम होंगे घातक

“अगर तालिबान शासन लड़ना चाहता है, तो दुनिया इंशाअल्लाह देखेगी कि उनकी धमकियां महज नाटकबाजी हैं!” उन्होंने चेतावनी दी, “हमने आपके विश्वासघात और उपहास को बहुत लंबे समय तक सहा है, लेकिन अब बस। पाकिस्तान के अंदर कोई आतंकवादी हमला या आत्मघाती बम विस्फोट आपको इस दुस्साहस का कड़वा सबक सिखाएगा। निश्चिंत रहें और यदि चाहें तो हमारे संकल्प व क्षमताओं का परीक्षण करें—अपने जोखिम और विनाश की कीमत पर।” 


तालिबान को कहा-साम्राज्यों का कब्रिस्तान

मंत्री ने अफगानिस्तान की उस लोकप्रिय धारणा पर भी तंज कसा जहां इसे ‘साम्राज्यों का कब्रिस्तान’ कहा जाता है। “जहां तक ‘साम्राज्यों के कब्रिस्तान’ की बात है, पाकिस्तान खुद को साम्राज्य होने का दावा नहीं करता, लेकिन अफगानिस्तान निश्चित रूप से एक कब्रिस्तान है खासकर अपने ही लोगों के लिए। यह साम्राज्यों का कब्रिस्तान नहीं, बल्कि इतिहास के साम्राज्यों का खेल का मैदान जरूर है।” 

 

यूएन ने जताई चिंता

संयुक्त राष्ट्र ने दोनों पक्षों में वार्ता की विफलता पर चिंता जताई है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक से जब वार्ता टूटने और इसकी चिंता के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “हां, बिल्कुल। हमें पूरी उम्मीद है कि भले ही बातचीत रुक जाए, लेकिन लड़ाई दोबारा शुरू न हो।” विश्लेषकों का मानना है कि यह तनाव सीमा पर झड़पों और अफगान शरणार्थियों के निर्वासन को बढ़ावा दे सकता है। पाकिस्तान ने पहले ही सीमा बंद कर दी है, और विफलता से पूर्ण युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्रीय स्थिरता के लिए दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की जा रही है। (एपी)

यह भी पढ़ें

सूडान के क्रूर गृहयुद्ध में लाशों का ढेर लगने के बाद हुआ नाटकीय बदलाव, दारफूर के एक प्रमुख शहर से पीछे हटी सूडानी सेना

 

अमेरिका ने बनाया ध्वनि की गति से तेज उड़ने वाला X-59 सुपरसोनिक विमान, 1 घंटे में 1508 किमी भर सकता है उड़ान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।