1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान ने बढ़ाया भारतीय विमानों पर लागू एयरस्पेस बैन, 24 अगस्त तक बढ़ाई सीमा

पाकिस्तान ने बढ़ाया भारतीय विमानों पर लागू एयरस्पेस बैन, 24 अगस्त तक बढ़ाई सीमा

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 19, 2025 07:02 am IST,  Updated : Jul 19, 2025 07:02 am IST

पाकिस्तान ने एक बार फिर से भारतीय विमान पर लागू एयरस्पेस बैन को बढ़ा दिया है। अब इसे बढ़ाकर 24 अगस्त तक कर दिया गया है। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही यह एयरस्पेस बैन दोनों देशों की तरफ से एक-दूसरे पर लगाए गए हैं।

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों पर लागू एयरस्पेस बैन बढ़ाया।- India TV Hindi
पाकिस्तान ने भारतीय विमानों पर लागू एयरस्पेस बैन बढ़ाया। Image Source : PIXABAY/REPRESENTATIVE IMAGE

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) ने एक बार फिर से अपने एयरस्पेस में भारतीय विमानों के गुजरने पर प्रतिबंध बढ़ा दिया है। पीएए ने घोषणा की है कि पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस से भारतीय उड़ानों के गुजरने पर 24 अगस्त तक प्रतिबंध बढ़ा दिया है। यह प्रतिबंध भारतीय एयरलाइनों के स्वामित्व वाले, संचालित या लीज पर लिए गए सभी विमानों पर लागू होगा, चाहे वह विमान नागरिक हों या सैन्य। बता दें कि शुक्रवार (18 जुलाई) को जारी एक नोटम दोपहर 3:50 बजे से प्रभावी हो गया और यह नया प्रतिबंध 24 अगस्त (रविवार) सुबह 5:19 बजे तक लागू रहेगा।

दोनों देशों ने एक-दूसरे पर लगाए प्रतिबंध

बता दें कि भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों पर अपने एयरस्पेस में उड़ान पर प्रतिबंध लगाया है। भारत ने 24 जुलाई तक पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। ये प्रतिबंध 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में लगाए गए थे, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद 24 अप्रैल को पाकिस्तान ने भारतीय उड़ानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था, जिसके बाद 30 अप्रैल को भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया। इसके बाद से दोनों देशों के एयरस्पेस एक-दूसरे के लिए बंद हैं।

भारत ने चलाया ऑपरेशन सिंदूर

बता दें कि भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया था। इस ऑपरेशन के तहत छह और सात मई की रात पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर में सेना ने 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे। इसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव स्थिति बनी हुई थी। पाकिस्तान की ओर से कई ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए थे, लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया था। फिलहाल भारत और पाकिस्तान के बीच आपसी समझौते के बाद से युद्धविराम की स्थिति बनी हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश