Pakistan News: पाकिस्तान में बेटी की सहेली का यौन उत्पीड़न करने वाले शख्स को वकीलों ने जमकर पीटा
Pakistan News: पाकिस्तान में बेटी की सहेली का यौन उत्पीड़न करने वाले शख्स को वकीलों ने जमकर पीटा
Edited By: Vineet Kumar@JournoVineet
Published : Aug 19, 2022 03:57 pm IST,
Updated : Aug 19, 2022 03:57 pm IST
वकीलों का गुस्सा सिर्फ इतने पर ही शांत नहीं हुआ और उन्होंने मुख्य संदिग्ध दानिश के ऊपर जूते भी फेंके।
Image Source : TWITTER
Accused Sheikh Danish and His Daughter Ana Ali.
Highlights
शेख दानिश पर अपनी बेटी की सहेली के यौन उत्पीड़न का आरोप है।
दानिश की बेटी अना अली भी इस मामले में आरोपी बनाई गई है।
पीड़ित छात्रा ने दानिश के शादी के प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया था।
Pakistan News: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अपनी बेटी की सहेली और मेडिकल की एक छात्रा के साथ जमकर हैवानियत करने वाले शख्स को कोर्ट में वकीलों ने धुन दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्रा के यौन उत्पीड़न में कथित रूप से शामिल मुख्य संदिग्ध शेख दानिश की एक अदालत में वकीलों के एक ग्रुप ने पिटाई कर दी। गुरुवार को जब पुलिस ने आरोपी शेख दानिश और उसके साथियों को फैसलाबाद की सेशन कोर्ट में पेश किया, तो वकीलों के एक ग्रुप ने उसे घेर लिया और उसको जमकर कूटा।
वकीलों का गुस्सा सिर्फ इतने पर ही शांत नहीं हुआ और उन्होंने दानिश के ऊपर जूते भी फेंके। हालांकि, पुलिस ने संदिग्ध को ज्यादा मार खाने से बचा लिया और उसे जज के सामने पेश किया। अदालत ने उसे पूछताछ के लिए 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। बता दें कि 8 अगस्त को लाहौर से लगभग 150 किलोमीटर दूर फैसलाबाद में डेंटिस्ट्री (दंत चिकित्सा) की एक छात्रा पर हमला हुआ था। आरोप है कि कारोबारी और मुख्य संदिग्ध दानिश ने छात्रा को शादी करने से इनकार करने के लिए प्रताड़ित किया।
पुलिस ने 15 संदिग्धों के खिलाफ दर्ज किया मामला
पुलिस ने छात्रा के अपहरण, यातना देने, जबरन वसूली और यौन उत्पीड़न के लिए पाकिस्तान दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत 15 संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पंजाब पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘पुलिस ने दानिश और उसकी बेटी समेत 7 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और बाकी संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।’ पीड़िता अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहती है। उसके दो भाई ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। छात्रा ने कहा कि उसकी सहपाठी अना के साथ उसके पारिवारिक संबंध हैं।
‘शेख दानिश ने मुझे शादी की पेशकश की थी’
छात्रा ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘अना के वालिद शेख दानिश ने मुझे शादी की पेशकश की थी, लेकिन मैंने और मेरे परिवार ने उनके इस प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया क्योंकि वह उम्र में काफी बड़ा है। दानिश मेरे पिता की उम्र का है और जब मैंने यह बात अना को बताई तो वह मुझ पर भड़क उठी।’ पीड़िता ने कहा कि 8 अगस्त को जब उसका भाई ब्रिटेन से लौटा, तो दानिश और उसके 14 साथी उनके घर पहुंचे और शादी का प्रस्ताव स्वीकार करने के लिए भाई को मजबूर किया।
छात्रा की सहेली ने भी दिया अपने पिता का साथ
FIR में कहा गया है कि जब छात्रा के भाई ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया तो संदिग्ध और उसके साथियों ने दोनों को प्रताड़ित किया और उन्हें जबरन दानिश के घर ले गए, जहां उन्होंने फिर से उनकी पिटाई की। FIR में कहा गया, ‘इसके बाद मुख्य संदिग्ध (दानिश) छात्रा को दूसरे कमरे में ले गया जहां उसने उसका यौन शोषण किया और घटना की वीडियो बना ली।’ बता दें कि इस घटना में छात्रा की सहेली और दानिश की बेटी को भी आरोपी बनाया गया है।