1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हुआ बड़ा आतंकी हमला, आतंकवादियों ने 9 सैनिकों को मार डाला

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हुआ बड़ा आतंकी हमला, आतंकवादियों ने 9 सैनिकों को मार डाला

 Published : Aug 12, 2025 06:00 pm IST,  Updated : Aug 12, 2025 06:12 pm IST

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आतंकियों ने बड़ा हमला किया है। इस हमले में पाकिस्तानी सेना के 9 जवान मारे गए हैं। आतंकियों ने पुलिस थाने पर हमला किया था।

Pakistan Balochistan Terrorist Attack (Representational Image)- India TV Hindi
Pakistan Balochistan Terrorist Attack (Representational Image) Image Source : AP

Pakistan Balochistan Terrorist Attack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में कम से कम 9 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। अधिकारियों ने मंगलवार को इस हमले के बारे में जानकारी दी है। वाशुक जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दर्जनों आतंकवादियों ने एक पुलिस थाने और सीमा बल परिसर पर हमला किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारी ने नाम ना छापने की शर्त पर  बताया, "जब सेना का मूवमेंट हो रहा था तभी आतंकवादियों ने हमला कर दिया। आतंकवादियों ने 9 सैनिकों को मार डाला।" 

जाफर एक्सप्रेस को बनाया गया था निशाना 

इससे पहले पाकिस्तान के  बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया था। घटना पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में हुई थी। यहां पटरी पर लगे विस्फोटक के चलते जाफर एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इस घटना में चार लोग घायल हुए थे। जिस वक्त ट्रेन को निशाना बनाया गया था उस वक्त वह पेशावर की ओर जा रही थी। 

बलूचिस्तान में लगातार होती रही है हिंसा

हाल ही में बलूचिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक यात्री बस पर भी गोलीबारी की थी जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी और सात अन्य घायल हो गए थे। बस पर हमला तब हुआ था जब वह कराची से क्वेटा जा रहा थी। कलात इलाके में बस पर हमला किया गया था। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में लगातार हिंसा की वारदातें होती रही हैं। हाल ही में एक बाजार के पास बम विस्फोट में 4 लोगों की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हो गए थे। विस्फोट बलूचिस्तान के किला अब्दुल्ला जिले में जब्बार मार्केट के पास हुआ था, जिससे कई इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। विस्फोट के बाद कई दुकानें ढह गई थीं और कई प्रतिष्ठानों में आग लग गई थी।

अशांत है बलूचिस्तान प्रांत

बता दें कि,  बलूचिस्तान लगभग दो दशकों से अशांति का सामना कर रहा है। स्थानीय जातीय बलूच समूहों और उनसे संबंधित अन्य पार्टियों का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार प्रांत की खनिज संपदा का दोहन कर रही है। हाल ही में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के निशाना बनाते हुए कई घातक हमले भी किए हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

म्यांमार के हिरासत केंद्रों में कैदियों के साथ जो होता है वो जानकर कांप जाएगी आपकी रूह, जानें खौफनाक सच्चाई

जानें क्या है बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी जिसे अमेरिका ने माना आतंकी संगठन, क्यों Pak आर्मी की नाक में कर रखा है दम?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश