1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में 5वीं बार पुलिस स्टेशन पर क्वाडकॉप्टर हमला, TTP पर फोड़ा ठीकरा

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में 5वीं बार पुलिस स्टेशन पर क्वाडकॉप्टर हमला, TTP पर फोड़ा ठीकरा

 Published : Jul 13, 2025 01:32 pm IST,  Updated : Jul 13, 2025 01:32 pm IST

पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा अशांत क्षेत्र में आतंकियों ने एक पुलिस स्टेशन पर ड्रोन हमला किया है। गनीमत रही कि इस हमले में किसी की जान नहीं गई।

खैबर पख्तूनख्वा में ड्रोन अटैक (फाइल फोटो)- India TV Hindi
खैबर पख्तूनख्वा में ड्रोन अटैक (फाइल फोटो) Image Source : AP

पेशावर: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों ने एक बार फिर ड्रोन (क्वाडकॉप्टर) से हमला किया है। पुलिस के अनुसार, एक महीने के भीतर यह पांचवीं बार है जब इसी पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया गया है। शनिवार को आतंकवादियों ने बन्नू जिले के मिरयान पुलिस स्टेशन पर ड्रोन से गोला-बारूद गिराया।

ड्रोन को गिराने की कोशिश नाकाम

पुलिस के मुताबिक हमले में किसी पुलिसकर्मी को कोई चोट नहीं आई और न ही इमारत को कोई नुकसान हुआ। इस दौरान हवा में उड़ रहे ड्रोन को मार गिराने की कोशिशें भी की गईं। मगर वह असफल रहीं। पुलिस ने बताया कि एक महीने में मिरयान पुलिस स्टेशन पर यह पांचवां क्वाडकॉप्टर हमला है।

अफगानिस्तान से सटा है इलाका

यह हमला जहां हुआ, वह इलाका अफगानिस्तान सीमा से सटा हुआ है। यह अशांत क्षेत्र में आता है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने बार-बार हो रहे हमलों को आतंकवादियों द्वारा "उन्नत क्वाडकॉप्टर तकनीक" के बढ़ते उपयोग का संकेत बताया है। फिलहाल एक व्यापक तलाशी अभियान चल रहा है, और बन्नू जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

आतंकियों ने पुलिस स्टेशन को घेरा

यह घटना उस समय हुई जब लक्की मरवत जिले के सेराई गंबीला पुलिस स्टेशन पर शुक्रवार रात हथियारबंद आतंकियों ने हमला किया। करीब दर्जन भर आतंकियों ने पहले पुलिस स्टेशन को घेर लिया, फिर हल्के और भारी हथियारों से हमला किया। हालांकि, पुलिस की जवाबी गोलीबारी के चलते हमलावर भागने पर मजबूर हो गए। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।

पाकिस्तान ने टीटीपी को बताया जिम्मेदार

पाकिस्तानी सेना ने इस हमलों के पीछे प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को ज़िम्मेदार ठहराया है। यह हमला सेराई गंबीला पुलिस स्टेशन पर किया गया, जो पेशावर-कराची हाईवे पर गंबीला नदी के पास स्थित है। इसको पहले भी कई बार आतंकियों द्वारा निशाना बनाया जा चुका है। पिछले एक साल में खैबर पख्तूनख्वा के कई हिस्सों में ड्रोन (क्वाडकॉप्टर) के जरिए विस्फोटक गिराकर हमले किए गए हैं। (पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश