1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. वैश्विक स्तर पर भारत के घेराबंदी अभियान से बौखलाया पाकिस्तान, दिया ये बड़ा बयान

वैश्विक स्तर पर भारत के घेराबंदी अभियान से बौखलाया पाकिस्तान, दिया ये बड़ा बयान

 Published : Jun 02, 2025 05:19 pm IST,  Updated : Jun 02, 2025 05:19 pm IST

पाकिस्तान ने कहा कि वह शांति, स्थिरता और रचनात्मक साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन अगर किसी भी प्रकार की आक्रामकता होती है, तो वह अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए उतनी ही दृढ़ता से तैयार है।”

शहबाज शरीफ, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री। - India TV Hindi
शहबाज शरीफ, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री। Image Source : X

इस्लामाबाद: ऑपरेशन सिंदूर के बाद वैश्विक स्तर पर सांसदों का डेलीगेशन भेजकर भारत के घेरेबंदी अभियान से पाकिस्तान की दुनियाभर में छीछालेदर हो रही है। इससे पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय (एफओ) ने सोमवार को भारत के उन बयानों को खारिज कर दिया, जिनमें पाकिस्तान को क्षेत्रीय अस्थिरता का स्रोत बताया गया है। पाक विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसा कोई भी प्रयास "वास्तविकता से पूरी तरह भिन्न" है और इससे शांति प्रक्रिया को नुकसान पहुंच सकता है।

पीएम मोदी और राजनाथ के हमलों से भी पाक परेशान

पाकिस्तान सिर्फ वैश्विक स्तर पर ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस.जयशंकर द्वारा हाल ही में पाकिस्तान पर किए जा रहे आतंकवाद समर्थक आरोपों के हमले से भी परेशान है। बता दें कि भारतीय नेताओं ने सीमा पार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की थी। 

पाकिस्तान ने क्या कहा?

पाक विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा, “पाकिस्तान को क्षेत्रीय अस्थिरता के केंद्र के रूप में चित्रित करने का कोई भी प्रयास तथ्यात्मक सच्चाई से परे है।" बौखलाए पाकिस्तान ने एक बार फिर कश्मीर राग अलाप कर अपनी खीझ निकाली। पाक ने कहा कि कश्मीर मुद्दा ही दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता के लिए सबसे बड़ा अवरोधक बना है।

भारत का पाक को जवाब

भारत ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उसके अभिन्न और अविभाज्य अंग रहे हैं और रहेंगे। इसलिए पाकिस्तान को अपनी ऊर्जा कहीं और लगाना चाहिए। बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव में भारी वृद्धि हुई। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर सटीक और लक्षित हमले किए थे।

पाकिस्तान ने कहा-हम शांति के पक्षधर

भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहले तो पाकिस्तान ने भी 8 से 10 मई के बीच भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया। मगर भारतीय सेना ने उसके सभी हमलों को नाकाम कर दिया। इसके बाद वह घुटनों पर आ गया। पाक के सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) ने भारत के डीजीएमओ को फोन करके युद्ध विराम की अपील की। इसके साथ ही वह अब शांति का पक्षधर होने की बात करने लगा है। इससे पहले पाकिस्तान बात-बात में परमाणु हमले की धमकी दिया करता था।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश