इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि भारत ने हाल में आई बाढ़ के बारे में राजनयिक माध्यम से जानकारी साझा की है। साथ ही शिकायत की कि पूर्ववर्ती घटनाओं की तरह जानकारी उतनी विस्तृत नहीं थी। पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने वीकली प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत से सिंधु जल संधि का पूरी तरह से पालन करने का भी आह्वान किया। भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के एक दिन बाद पाकिस्तान के खिलाफ कई दंडात्मक कदम उठाए थे, जिनमें 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित करना भी शामिल था।
शफकत अली खान ने क्या कहा?
शफकत खान ने कहा, ‘‘भारतीय पक्ष ने राजनयिक माध्यमों से विभिन्न नदियों में आई बाढ़ के बारे में कुछ जानकारी जरूर साझा की है। हालांकि, यह पहले जितनी विस्तृत नहीं है।’’ प्रवक्ता ने कहा कि सिंधु जल आयुक्त के स्थापित माध्यम का उपयोग जानकारी साझा करने के लिए नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस संदर्भ में, हम दोहराते हैं कि भारत को सिंधु जल संधि के सभी प्रावधानों का पूरी तरह पालन करना चाहिए।’’ आमतौर पर, ऐसी जानकारी सिंधु जल आयुक्त के माध्यम से साझा की जाती थी।
ब्रिक्स के प्रति गंभीर है पाकिस्तान
पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ब्रिक्स समूह में शामिल होने के प्रति गंभीर है और दावा किया कि रूस इसका समर्थन कर रहा है। चीन में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बैठक के बारे में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह कह सकता हूं कि पाकिस्तान ब्रिक्स की सदस्यता के लिए गंभीर है और रूस पाकिस्तान के आवेदन का समर्थन करता रहा है।’’ उन्होंने दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। ब्रिक्स में मूल रूप से ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। इसका 2024 में विस्तार करके इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया, 2025 में इंडोनेशिया भी इसमें शामिल हो गया।
अफगानिस्तान पर भी बोले शफकत
अफगानिस्तान की सीमा में पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले के संबंध के सवाल पर खान ने कहा कि पाकिस्तान अपने लोगों की सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां हमारे नागरिकों को आतंकवादी खतरों से बचाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में लक्षित अभियान चलाती हैं।’’ (भाषा)
यह भी पढ़ें:
ट्रंप के मंत्री देख रहे हसीन सपने! बोले- 'रूस और चीन से अलग है भारत, कुछ महीनों में...'इजरायल के रक्षा मंत्री ने गाजा को लेकर किया बड़ा ऐलान, बता दिया अपने देश का प्लान; दी चेतावनी
खुल गई ट्रंप की आंख! भारत को लेकर दिया बड़ा बयान, बोले- 'हमने खो दिया', MEA ने कहा- No Comments