1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बलूचिस्तान में बिगड़े हालात, आतंकियों ने सरकारी इमारतों में लगाई आग; पुलिस अधिकारी को उतारा मौत के घाट

बलूचिस्तान में बिगड़े हालात, आतंकियों ने सरकारी इमारतों में लगाई आग; पुलिस अधिकारी को उतारा मौत के घाट

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Oct 28, 2025 03:39 pm IST,  Updated : Oct 28, 2025 03:39 pm IST

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में लगातार हिंसा देखने को मिल रही है। यहां भाग कस्बे में आतंकवादियों ने सरकारी इमारतों में आग लगा दी है और एक पुलिस अधिकारी को मार डाला है।

Pakistan Balochistan Terror Attack (Representational Image)- India TV Hindi
Pakistan Balochistan Terror Attack (Representational Image) Image Source : AP

Pakistan Balochistan Terror Attack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के भाग कस्बे में आतंकवादियों ने कहर बरपाया है। आतंकियों के हमले में पुलिस के एक अधिकारी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया है।  आतंकियों ने एक लेवी स्टेशन और अन्य सरकारी इमारतों में आग भी लगा दी है। इस बीच पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया कि 2 आतंकवादियों को मार गिराया गया है जिनमें से एक का शव आतंकवाद रोधी विभाग के पास है जबकि दूसरे को भागते हुए आतंकवादी अपने साथ ले गए। 

मोटरसाइकिलों से पहुंचे थे आतंकी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मजूर रहमान ने बताया कि करीब 50 हथियारबंद लोग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कच्ची जिले के भाग में पहुंचे और सबसे पहले लेवी पिकअप ट्रक, थाने और लेवी स्टेशन पर हमला किया। लेवी प्रांतीय अर्धसैनिक बल हैं। हथियारबंद लोगों ने लेवी कर्मियों को बंधक बना लिया और थाने पर गोलीबारी शुरू कर दी। हालांकि, इलाके में तैनात पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद मुठभेड़ हुई। 

कैदियों को छुड़ाने आए थे आतंकी

एसएसपी ने बताया कि भाग थाना प्रभारी लुटाफ खोसा की मौत हो गई जबकि 2 अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हथियारबंद ये लोग जेल में बंद छह कैदियों को छुड़ाने आए थे और अन्य सरकारी इमारतों में आग लगाने के बाद उन्हें अपने साथ ले गए। एसएसपी ने बताया कि थाना पूरी तरह से जलकर खाक हो गया और एक बैंक की इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई। 

केच जिले के उपायुक्त को बनाया गया निशाना

बता दें कि, आतंकवादियों ने इससे पहले सोमवार को केच जिले के उपायुक्त के काफिले पर सड़क किनारे बम लगाकर हमला किया था। हालांकि, इस हमले में अधिकारी बाल-बाल बच गए, लेकिन इस विस्फोट में 9 सुरक्षा अधिकारी और एक नागरिक घायल हो गए हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें: 

आसमान में मेलिसा तूफान, बीच में उड़ा विमान; देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO

ये है सीजफायर का लेटेस्ट अपडेट, इधर हमास ने सौंपे बंधक के अवशेष उधर इजरायल ने 3 फिलिस्तीनी आतंकियों को किया ढेर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश