1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. फिलीपींस में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 72, जारी है बचाव अभियान

फिलीपींस में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 72, जारी है बचाव अभियान

 Published : Oct 02, 2025 01:15 pm IST,  Updated : Oct 02, 2025 01:15 pm IST

फिलीपींस में आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.9 रही थी। राहत और बचाव का काम जारी है।

Philippines Earthquake- India TV Hindi
Philippines Earthquake Image Source : AP

Philippines Earthquake: मध्य फिलीपींस में आए विनाशकारी भूकंप के बाद बचाव अभियान जारी है। बचाव कर्मियों ने ढहे मकानों और अन्य क्षतिग्रस्त इमारतों में खुदाई करने वाले वाली मशीनों और खोजी कुत्तों की मदद से जीवित लोगों की तलाश शुरू की है। फिलीपींस में आए शक्तिशाली भूकंप के कारण अब तक कम से कम 72 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 10 बजे 6.9 तीव्रता का भूकंप आया जिससे सेबू प्रांत के बोगो शहर और आसपास के गांवों में कई मकान, नाइट क्लब और व्यापारिक इमारतें ढह गईं। इनके मलबे में कई लोग फंस गए हैं। इस भूकंप के कारण मारे गए लोगों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। छिटपुट बारिश और क्षतिग्रस्त पुलों एवं सड़कों के कारण बचाव अभियान में बाधा पैदा हुई है। 

बचाव अभियान में आ रही हैं मुश्किलें

भूकंप का केंद्र बोगो से लगभग 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 5 किलोमीटर की गहराई में था। बोगो सेबू प्रांत का एक तटीय शहर है और इसकी आबादी लगभग 90,000 है। बोगो शहर में आपदा कार्यों से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि कई इलाकों में बचाव अभियान चलाना कठिन है क्योंकि यहां खतरनाक स्थितियां हैं। उन्होंने बताया कि कुछ जीवित लोगों को पहाड़ी गांव से अस्पताल लाया गया है।

Philippines Earthquake
Image Source : APPhilippines Earthquake

दहशत में थे लोग

फिलीपींस ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान ने भूकंप के बाद कुछ देर के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी। लोगों को तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह भी दी गई थी लेकिन कुछ ही घंटों बाद चेतावनी हटा ली गई थी। घबराए हुए हजारों लोगों ने चेतावनी वापस लिए जाने के बावजूद अपने घरों में लौटने से इनकार कर दिया था। लोग बारिश के बावजूद रात भर घरों से बाहर ही रहे।

'स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को किया गया बंद'

भूकंप प्रभावित शहरों और कस्बों में स्कूल एवं सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए हैं और इमारतों की सुरक्षा को लेकर जांच की जा रही है। ‘फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी’ के निदेशक टेरेसिटो बैकोलकोल ने बताया कि मंगलवार रात आए भूकंप के बाद 600 से अधिक झटके महसूस किए गए हैं। सेबू और अन्य प्रांत उस उष्णकटिबंधीय तूफान से अभी उबर रहे थे जिसने शुक्रवार को मध्य क्षेत्र में तबाही मचाई थी जिससे कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई थी। (एपी)

यह भी पढ़ें:

अमेरिका में फिर हुआ विमान हादसा, न्यूयॉर्क के लागार्डिया एयरपोर्ट पर आपस में टकराए प्लेन; देखें VIDEO

अमेरिका में शटडाउन पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दी चेतावनी, बोले- 'यह कुछ हफ्तों तक चला तो... '

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश