PM Modi Israel Visit LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिवसीय दौरे पर इजरायल पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। पीएम मोदी ने इजरायल की संसद नेसेट को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा जन्म उसी दिन हुआ था जिस दिन भारत ने इजरायल को ऑफिशियली मान्यता दी थी। इससे पहले संसद पहुंचने पर मोदी-मोदी के नारे भी लगे। पीएम मोदी से पहले संसद में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, "यह एक शानदार दोस्ती रही है। आज सुबह, मेरी पत्नी सारा और मैंने एयरपोर्ट पर आपका (पीएम मोदी) स्वागत किया। और जैसे ही आप सीढ़ियों से नीचे आए, हमने एक-दूसरे को गले लगा लिया। प्रधानमंत्री मोदी का पर्सनली गले लगना कुछ खास है। इसे मोदी हग कहा जाता है। यह दुनिया भर में मशहूर है। जब आप किसी को, करीब से, सच में गले लगाते हैं, तो आप जानते हैं कि यह कोई दिखावा नहीं है। यह एक असली चीज है।
इससे पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ हुई वार्ता के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा, ''प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बहुत अच्छी मीटिंग हुई। दिन में पहले हुए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। 9 साल बाद इजरायल वापस आकर बहुत खुशी हो रही है। हमने आपसी रिश्तों को बढ़ाने के मकसद से कई विषयों पर बात की। टेक्नोलॉजी, वॉटर मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, टैलेंट पार्टनरशिप और ऐसे कई सेक्टर हैं जिनमें करीबी सहयोग की बहुत गुंजाइश है। हमने इस इलाके में हो रहे खास डेवलपमेंट पर भी बात की।''
प्रधानमंत्री की यह यात्रा पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच हो रही है। पिछले कुछ वर्षों में भारत-इजरायल संबंध मजबूत हुए हैं, जिनमें रक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, साइबर सुरक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्र शामिल हैं। रक्षा सहयोग दोनों पक्षों के बीच साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनकर उभरा है, जिसमें इजरायल भारत को कई सैन्य प्लेटफॉर्म और हथियार प्रणालियां मुहैया करा रहा है। पिछले साल नवंबर में, भारत के रक्षा सचिव की इजरायल यात्रा के दौरान, रक्षा सहयोग पर एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों में भी लगातार प्रगति देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा पर पूरी दुनिया की नजरें हैं। पीएम मोदी के इस दौरे से जुड़े हर अपडेट के बारे में जानने के लिए हमारे साथ बने रहें।