1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. यूक्रेन को फिर से मिल रही पश्चिमी हथियारों की खेप के बीच पुतिन जाएंगे उत्तर कोरिया, किम जोंग क्या देंगे उपहार?

यूक्रेन को फिर से मिल रही पश्चिमी हथियारों की खेप के बीच पुतिन जाएंगे उत्तर कोरिया, किम जोंग क्या देंगे उपहार?

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jun 12, 2024 06:16 pm IST,  Updated : Jun 12, 2024 06:16 pm IST

रूसी राष्ट्रपति पुतिन जल्द ही उत्तर कोरिया के दौरे पर जाने वाले हैं। माना जा रहा है कि वह किम जोंग उन के साथ हथियारों की डील कर सकते हैं। किम ने पुतिन के आने की सूचना पाकर उनका पहले से ही स्वागत किया है।

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और रूस के राष्ट्रपति पुतिन। - India TV Hindi
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और रूस के राष्ट्रपति पुतिन। Image Source : REUTERS

सियोल: रूस के राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन को पश्चिमी हथियारों की खेप मिलने के जवाब में जल्द ही उत्तर कोरिया का दौरा करने वाले हैं। पश्चिमी देशों को आशंका है कि वह उत्तर कोरिया से हथियारों की डील कर सकते हैं। पुतिन के आने की खबरों के बीच उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने बुधवार को रूस के साथ देश के बढ़ते संबंधों का स्वागत किया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उनके साथ अपनी तीसरी बैठक के लिए जल्द ही उत्तर कोरिया का दौरा करेंगे। पिछले वर्ष सितम्बर में पुतिन के साथ बैठक के लिए किम जोंग ने रूस की यात्रा की थी।

इस बैठक के बाद से उत्तर कोरिया और रूस के बीच सैन्य, आर्थिक और अन्य सहयोग में तेजी से वृद्धि हुई है। अमेरिका, दक्षिण कोरिया और उनके सहयोगियों का मानना है कि उत्तर कोरिया ने उन्नत सैन्य प्रौद्योगिकी और आर्थिक सहायता के बदले में रूस को तोपें, मिसाइलें और अन्य पारंपरिक हथियार उपलब्ध कराए हैं, जिसका इस्तेमाल वह यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में कर रहा है। किम जोंग उन उत्तर कोरिया की क्षेत्रीय स्थिति को मजबूत करने और अमेरिका के खिलाफ संयुक्त मोर्चा खोलने के लिए रूस और चीन के साथ साझेदारी बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। रूस के मुख्य 'अंतरिक्ष प्रक्षेपण स्थल' पर सितम्बर में हुई बैठक के दौरान उत्तर कोरिया के नेता किम ने रूसी राष्ट्रपति को "सुविधाजनक समय" पर उत्तर कोरिया आने का निमंत्रण दिया था जिसे पुतिन ने स्वीकार कर लिया था।

पुतिन को भेजा किम ने संदेश

उत्तर कोरिया की आधिकारिक 'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' के अनुसार, बुधवार को किम ने पुतिन को रूस के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर बधाई संदेश भेजा। अपने संदेश में किम ने कहा, "पिछले वर्ष सितम्बर में 'वोस्तोचनी स्पेसपोर्ट' में हमारे बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक के फलस्वरूप, उत्तर कोरिया-रूस के बीच मैत्रीपूर्ण और सहयोगात्मक संबंध अब अच्छे साथियों के अटूट रिश्ते में विकसित हो गये हैं।" मीडिया की खबरों में कहा गया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले सप्ताह की शुरुआत में उत्तर कोरिया का दौरा कर सकते हैं।

अगर ऐसा होता है तो, यह पुतिन और किम के बीच तीसरी शिखर बैठक होगी। ऐसी पहली शिखर बैटक अप्रैल 2019 में व्लादिवोस्तोक में हुई थी। निप्पॉन होसो क्योकाई (एनएचके) ने कहा कि यूक्रेन के साथ युद्ध में रूस हथियारों की कमी का सामना कर रहा है, जिसको देखते हुए पुतिन उत्तर कोरिया के साथ मजबूत सैन्य संबंध बनाने की कोशिश करेंगे। वहीं, उत्तर कोरिया रूस से अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में मदद चाहता है। (एपी) 

यह भी पढ़ें

हज यात्रा के लिए दुनिया भर से 15 लाख जायरीन पहुंचे मक्का, मुसलमानों का है प्रमुख धार्मिक स्थल


ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने बता दिया अपने बचपन का एक बड़ा सीक्रेट, जिसके बाद हो गए ट्रोल

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश