1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में नहीं थम रहा बवाल, तलाशी के लिए इमरान खान के आवास पर पहुंची पंजाब पुलिस

पाकिस्तान में नहीं थम रहा बवाल, तलाशी के लिए इमरान खान के आवास पर पहुंची पंजाब पुलिस

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : May 19, 2023 07:39 pm IST,  Updated : May 19, 2023 07:39 pm IST

जानकारी के अनुसार पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के जमान पार्क आवास में कथित तौर पर छिपे ‘आतंकवादियों’ की तलाश में वहां व्यापक तलाशी लेने के लिए पंजाब पुलिस शुक्रवार को पहुंची।

पाकिस्तान में नहीं थम रहा बवाल, तलाशी के लिए इमरान खान के आवास पर पहुंची पंजाब पुलिस- India TV Hindi
पाकिस्तान में नहीं थम रहा बवाल, तलाशी के लिए इमरान खान के आवास पर पहुंची पंजाब पुलिस Image Source : PTI

Pakistan News: पाकिस्तान में उथल पुथल जारी है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के आवास के बाहर शुक्रवार को पंजाब पुलिस पहुंच गई है। यह पुलिस का दल इमरान खान से मिलेगा और उनसे बातचीत करेगा। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के जमान पार्क आवास में कथित तौर पर छिपे ‘आतंकवादियों’ की तलाश में वहां व्यापक तलाशी लेने के लिए पंजाब पुलिस शुक्रवार को पहुंची। यह जानकारी मीडिया की खबरों से मिली। 

समाचार पत्र ‘डॉन’ के मुताबिक इस दल में लाहौर के आयुक्त मोहम्मद अली रंधावा, लाहौर के उपायुक्त राफिया हैदर, डीआईजी अभियान सादिक डोगर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अभियान) सोहैब शामिल हैं। खबर के अनुसार यह दल खान से मिलेगा और उनसे बातचीत करेगा। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख खान के आवास पर विस्तृत तलाशी अभियान लेने के लिए वारंट हासिल किये।

‘डॉन’ के अनुसार अवास के प्रवेश तथा निकास द्वारों तक की सघन जांच की जाएगी और इसका मुख्य उद्देश्य स्थान में छिपे ‘आतंकवादियों’ की तलाश करना है। बुधवार को पंजाब सरकार ने दावा किया था कि ‘30 से 40’ आतंकवादी खान के जमान पार्क स्थित आवास के अंदर छिपे हुए हैं और खान को उन्हें सौंपने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। हालांकि गुरुवार को समयसीमा समाप्त होने के पश्चात भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। 

जिओ टीवी की एक खबर के अनुसार पंजाब के सूचना मंत्री आमिर मीर ने कहा है कि पुलिस खान के आवास पर उनकी अनुमति के बाद तलाशी लेगी और वह भी कैमरे के सामने। उन्होंने कहा,‘हम उनसे (खान) तलाशी अभियान के लिए अनुमति मांगेंगे। 400 पुलिसकर्मियों का पुलिस दल जाएगा क्योंकि वहां कथित तौर पर आतंकवादी छिपे हुए हैं।’ इस बीच लाहौर कैपिटल सिटी पुलिस अधिकारी बिलाल सद्दिकी कामयाना ने दावा किया कि खान के जमान पार्क स्थित आवास से भागने की कोशिश कर रहे छह और ‘आतंकवादियों’ को गिरफ्तार किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश