1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Russia-Ukraine War: रूस ने कीव पर गिराया ग्लाइडेड बम, एक अपार्टमेंट में 5 लोगों की मौत; कई मलबे में दबे

Russia-Ukraine War: रूस ने कीव पर गिराया ग्लाइडेड बम, एक अपार्टमेंट में 5 लोगों की मौत; कई मलबे में दबे

 Published : Nov 21, 2025 08:41 pm IST,  Updated : Nov 21, 2025 08:41 pm IST

रूस ने यूक्रेन पर ग्लाइडेड बमों से बड़ा हमला किया है। इसमें कई अपार्टमेंट ध्वस्त हो गए हैं। कम से कम 5लोगों की मौत हुई है और कई लोग मलबे में दब गए हैं। मौतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

यूक्रेन पर गिरा रूस का ग्लाइडेड बम।- India TV Hindi
यूक्रेन पर गिरा रूस का ग्लाइडेड बम। Image Source : AP

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच सर्दियां बढ़ते ही जंग तेज होती जा रही है। रूसी सेना ने यूक्रेन के दक्षिणी शहर जापोरिज्जिया में शुक्रवार तड़के शक्तिशाली ग्लाइड बमों से हमला किया, जिसमें कम से कम पांच नागरिक मारे गए और एक किशोरी समेत दस लोग घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जापोरिज्जिया प्रांतीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख इवान फेदोरोव ने बताया कि रूसी वायुसेना ने शहर के बीचोबीच रिहाइशी इलाके पर तीन भारी ग्लाइड बम गिराए।

कई अपार्टमेंट हुए तबाह

इन धमाकों से नौ मंजिला और पांच मंजिला इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा, खिड़कियां-दरवाजे उड़ गए और कई अपार्टमेंट पूरी तरह तबाह हो गए। हमले में एक स्थानीय बाजार भी क्षतिग्रस्त हुआ है। बचाव दल अब भी मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम कर रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस-यूक्रेन युद्ध को जल्द खत्म करने की अमेरिकी योजना पर चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम ने 30 दिन के युद्धविराम और शांति वार्ता की रूपरेखा तैयार की है।

 

ट्रंप से जल्द मिल सकते हैं जेलेंस्की

यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि वह जल्द ही ट्रंप से मुलाकात कर सकते हैं और प्रस्तावों का सावधानी से अध्ययन कर रहे हैं। जापोरिज्जिया पर हमले की निंदा करते हुए जेलेंस्की ने कहा, “रूस शांति नहीं चाहता। जब दुनिया युद्ध रोकने की बात कर रही है, तब वह नागरिकों पर बम बरसा रहा है।” उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की अपील की। जापोरिज्जिया यूक्रेन का महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर है और रूस ने इसे बार-बार निशाना बनाया है। शहर के पास स्थित यूरोप का सबसे बड़ा जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र भी पिछले तीन साल से रूसी कब्जे में है, जिसे लेकर परमाणु सुरक्षा की चिंता बनी हुई है। शुक्रवार सुबह तक रूस की ओर से इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं आई है। (भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश