1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 24 साल में पहली बार उत्तर कोरिया पहुंचे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, किम जोंग उन ने किया स्वागत

24 साल में पहली बार उत्तर कोरिया पहुंचे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, किम जोंग उन ने किया स्वागत

 Published : Jun 19, 2024 06:47 am IST,  Updated : Jun 19, 2024 06:47 am IST

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरिया पहुंच गए है। इस दौरान उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने हवाई अड्डे पर पुतिन की अगवानी की। प्योंगयांग में सड़कों को पुतिन की तस्वीरों और रूसी झंडों से सजाया गया है।

Russian President Putin and Kim Jong Un- India TV Hindi
Russian President Putin and Kim Jong Un Image Source : FILE AP

सियोल: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मंगलवार देर रात उत्तर कोरिया पहुंचे हैं। पिछले 24 साल में पहली बार पुतिन उत्तर कोरिया की यात्रा कर रहे हैं। रूसी समाचार एजेंसियों की खबरों के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि दोनों देश अमेरिका के साथ बढ़ते टकराव के मद्देनजर प्रतिबंधों से निपटने के लिए मिलकर काम करना चाहते हैं। पुतिन की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। समाचार एजेंसियों ‘आरआईए-नोवोस्ती’ और ‘इंटरफैक्स’ के अनुसार, उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने प्योंगयांग के हवाई अड्डे पर पुतिन की अगवानी की। 

पुतिन का हुआ जोरदार स्वागत

उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में सड़कों को पुतिन की तस्वीरों और रूसी झंडों से सजाया गया है। एक इमारत पर लगे बैनर पर लिखा था, ‘‘हम रूसी संघ के राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं।’’ पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव के अनुसार, राष्ट्रपति के साथ उप प्रधानमंत्री डेनिस मंट्रूरोव, रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव सहित कई शीर्ष अधिकारी भी इस यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिनमें संभवतः एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर समझौता भी शामिल होगा।

पुतिन ने क्या कहा

उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में शिखर सम्मेलन के लिए रवाना होने से पहले रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन पर उनकी कार्रवाई का समर्थन करने के लिए किम जोंग उन को धन्यवाद कहा था। इस दौरान पुतिन ने यह भी कहा था कि दोनों देश अमेरिका के नेतृत्व वाले प्रतिबंधों से निपटने के लिए मिलकर काम करेंगे। पुतिन की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश अमेरिका के साथ तनातनी का सामाना कर रहे हैं और पूरी दुनिया से अलग-थलग पड़ गए हैं। 

'प्रतिबंधों का विरोध'

पिछले 24 वर्षों में उत्तर कोरिया की अपनी पहली यात्रा पर जाने के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी कहा था कि वह यूक्रेन पर अपने आक्रमण के लिए उत्तर कोरिया के दृढ़ समर्थन की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि रूस और उत्तर कोरिया ऐसे व्यापार की संभावनाए तलाशेंगे और भुगतान प्रणालियां विकसित करेंगे ‘‘जो पश्चिमी देशों के नियंत्रण में नहीं होगी’’ और वो संयुक्त रूप से देशों के खिलाफ प्रतिबंधों का विरोध करेंगे। दोनों देश पर्यटन, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाएंगे। (एपी) 

यह भी पढ़ें:

राष्ट्रपति चुनाव से पहले जो बाइडेन की बड़ी घोषणा, 5 लाख अप्रवासियों के मिल सकती है अमेरिकी नागरिकता

ये लो! पाकिस्तान में ऊंट का पैर ही काट दिया, ये भी जान लीजिए ऐसा शर्मनाक काम किसने किया?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश