1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. यमन के पास लाल सागर में ब्रिटेन के जहाज पर हमला, रॉकेट से चलने वाले ग्रेनेड दागे, हूती विद्रोहियों पर शक

यमन के पास लाल सागर में ब्रिटेन के जहाज पर हमला, रॉकेट से चलने वाले ग्रेनेड दागे, हूती विद्रोहियों पर शक

 Published : Jul 06, 2025 08:17 pm IST,  Updated : Jul 06, 2025 08:18 pm IST

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने कहा कि यह घटना यमन के होदेदा बंदरगाह से लगभग 51 समुद्री मील (94 किमी) दक्षिण-पश्चिम में हुई। उत्तर की ओर जा रहे जहाज पर कई नावों में सवार लोगों ने हमला किया।

ship- India TV Hindi
समुद्री जहाज Image Source : FILE

दुबई: ब्रिटेन की मैरीटाइम एजेंसी ने बताया कि यमन के पास उसके एक वाणिज्यिक जहाज पर हमलावरों ने रॉकेट दागे और गोलीबारी की है। हालांकि इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है लेकिन इस समुद्री इलाके में हुती विद्रोहियों को वर्चस्व है और वे अक्सर मालवाहक जहाजों को अपना निशाना बनाते हैं। ऐसे में हुती विद्रोहियों पर हमले का शक है। बताया जाता है कि हथियारबंद लोगों के एक ग्रुप ने जहाज पर गोलीबारी की और रॉकेट से चलने वाले ग्रेनेड दागे। 

होदेदा बंदरगाह के पास हुआ हमला

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने कहा कि यह घटना यमन के होदेदा बंदरगाह से लगभग 51 समुद्री मील (94 किमी) दक्षिण-पश्चिम में हुई। उत्तर की ओर जा रहे जहाज पर कई नावों में सवार लोगों ने हमला किया। जहाज पर मौजूद सशस्त्र सुरक्षा दल ने जवाबी गोलीबारी की। फिलहाल दोनों तरफ से फायरिंग जारी है। अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।  यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इजरायल-हमास युद्ध, ईरान-इजरायल युद्ध और ईरानी परमाणु ठिकानों पर अमेरिका के हवाई हमलों के बाद मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है।

जहाज पर तैनात जवानों ने की जवाबी फायरिंग

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन सेंटर ने कहा कि जहाज पर मौजूद सशस्त्र सुरक्षा दल ने जवाबी फायरिंग की है और संघर्ष जारी है। अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। समुद्री सुरक्षा फर्म एम्ब्रे ने चेतावनी जारी कर कहा कि लाल सागर में उत्तर की ओर जाते समय एक जहाज पर  8 नावों पर सवार लोगों ने हमला किया। अमेरिकी नौसेना के मध्यपूर्व स्थित 5वें बेड़े ने सेना की सेंट्रल कमांड को संकेत भेजा लेकिन तुरंत कोई जवाब नहीं मिला। पिछले कुछ समय से यमन के हूती विद्रोही इस क्षेत्र में वाणिज्यिक और सैन्य जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले करते रहे हैं। 

इस रूट में अक्सर जहाजों पर होते हैं हमले

नवंबर 2023 और जनवरी 2025 के बीच हूतियों ने मिसाइलों और ड्रोन से 100 से ज़्यादा व्यापारी जहाजों को निशाना बनाया, जिनमें से दो डूब गए और चार नाविक मारे गए। इससे लाल सागर गलियारे के ज़रिए व्यापार का प्रवाह काफ़ी कम हो गया है। इस रास्ते से आम तौर पर सालाना 1 ट्रिलियन अमरीकी डॉलर का सामान जहाजों से गुज़रता है। सोमालिया के डाकू भी इस इलाके में सक्रिय हैं जो अक्सर जहाजों को लूट लेते हैं। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश