सियोल: दक्षिण कोरिया और उसके पड़ोसी उत्तर कोरिया के बीच फिर एक नया तनाव पैदा हो गया है। उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया की ओर से की गई गोलीबारी को गंभीर उकसावे वाला कदम बताया है। इसके साथ ही सीमा पर सैनिकों को चेतावनी भी दी है।
दक्षिण कोरिया ने जानबूझकर बढ़ाया तनाव
नॉर्थ कोरिया पीपुल्स आर्मी के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ जोंग चोल ने कहा कि मंगलवार को हुई इस गोलीबारी के समय दक्षिण कोरिया और अमेरिका समुद्री सैन्य अभ्यास कर रहे थे। उन्होंने दक्षिण कोरिया पर जानबूझकर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया। हालांकि जोंग चोल के बयान के कुछ ही देर बाद, दक्षिण कोरियाई सेना ने कहा कि उसने मंगलवार दोपहर को चेतावनी स्वरूप गोली चलाई, क्योंकि उत्तर कोरियाई सैनिक अज्ञात निर्माण कार्य करते हुए सीमा रेखा को संक्षिप्त समय के लिए पार कर गए थे। दक्षिण कोरियाई सेना ने यह भी कहा कि सैनिक तुरंत वापस उत्तर कोरियाई क्षेत्र में लौट गए और इस दौरान कोई घटना नहीं हुई। साथ ही उत्तर कोरिया ने कोई जवाबी गोलीबारी नहीं की।
उत्तर कोरियाई सैनिक बिछा रहे बारूदी सुरंग
दक्षिण कोरिया से बढ़ते तनाव के बीच उत्तर कोरियाई सैनिक सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए टैंक रोधी अवरोध और बारूदी सुरंगें बिछाने जैसे निर्माण कार्य कर रहे हैं। जोंग चोल ने एक बयान में कहा, "दक्षिणी सीमा के प्रबंधन और सुरक्षा के लिए जिम्मेदार कमांडिंग अधिकारी के रूप में, मैं दृढ़ता से मांग करता हूं कि दक्षिण कोरिया इस खतरनाक उकसावे को तुरंत रोके। वह दक्षिणी सीमा पर किलेबंदी परियोजना के बहाने तनाव बढ़ाना चाहता है। यह परियोजना हमारी संप्रभुता की रक्षा के लिए आवश्यक है।"यह बयान उस स्थिति में आया है जब दोनों कोरियाई देशों के बीच सीमा पर तनाव बढ़ रहा है और सुरक्षा के मद्देनजर कदम उठाए जा रहे हैं।(एपी)