1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में नहीं थम रही आतंकी घटनाएं, अब मस्जिद के पास हमलावर ने खुद को उड़ाया, ब्लास्ट में कई लोगों की मौत

पाकिस्तान में नहीं थम रही आतंकी घटनाएं, अब मस्जिद के पास हमलावर ने खुद को उड़ाया, ब्लास्ट में कई लोगों की मौत

 Written By: Deepak Vyas
 Published : Sep 29, 2023 10:41 pm IST,  Updated : Sep 29, 2023 10:41 pm IST

पाकिस्तान में एक ही दिन में दो आत्मघाती​ विस्फोट की घटनाएं हो गईं। बलूचिस्तान प्रांत में जहां एक आत्मघाती हमले 52 लोग मारे गए। वहीं खैबर पख्तूनख्वा में भी हांगू जिले के दोआबा पुलिस थाने के नजदीक मस्जिद के पास ​आत्मघाती विस्फोट किया गया। इसमें 4 लोग मारे गए।

Pakistan: मस्जिद के पास हमलावर ने खुद को उड़ाया- India TV Hindi
Pakistan: मस्जिद के पास हमलावर ने खुद को उड़ाया Image Source : FILE

Pakistan News: पाकिस्तान में आतंकी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर आत्मघाती हमले में एक शख्स ने खुद को उड़ा लिया। इस ब्लास्ट में 4 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 12 लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक मस्जिद में आत्मघाती बम धमाके में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुलिस के मुताबिक यह विस्फोट हांगू जिले के दोआबा पुलिस थाने के नजदीक मस्जिद के पास हुआ। पुलिस के अनुसार पांच आतंकवादी दोआबा पुलिस थाने में घुस गए थे, लेकिन कानून प्रवर्तन बलों ने तुरंत उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में जहां एक आतंकवादी मारा गया, वहीं दूसरे ने मस्जिद की इमारत के पास खुद को बम से उड़ा लिया। इससे उसकी छत ढह गई। 

भाग निकले 3 आतंकी

पुलिस ने बताया कि तीन आतंकवादी घटनास्थल से भाग गये। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के समय मस्जिद में 30 से 40 नमाजी मौजूद थे। विस्फोट में चार लोग मारे गए और 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस उपायुक्त फजले अकबर और आईजीपी अख्तर हयात गंडापुर दोनों ने अलग-अलग बयानों में इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हांगू मस्जिद बचाव अभियान पूरा हो गया है। खैबर पख्तूनख्वा के कार्यवाहक सूचना मंत्री बैरिस्टर फिरोज जमाल शाह ने भी विस्फोट में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। 

कुछ घंटे पहले ही एक अन्य मस्जिद के पास ब्लास्ट में 52 लोगों की मौत

इस विस्फोट से कुछ घंटे पहले अशांत बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में अल फलाह रोड पर स्थित मदीना मस्जिद के समीप आत्मघाती धमाके में कम से कम 52 लोगों की मौत हो गयी और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। पिछले करीब एक साल से पाकिस्तान कई आतंकी हमलों की चपेट में रहा है, जिसमें बलूचिस्तान तथा खैबर पख्तूनख्वा विशेष रूप से सुरक्षाबलों और नागरिकों को निशाना बनाने वाले आतंकवादियों के रडार पर हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश