1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. थाईलैंड में हुआ दर्दनाक हादसा, पटाखा कारखाने में भयानक विस्फोट; 9 लोगों की मौत

थाईलैंड में हुआ दर्दनाक हादसा, पटाखा कारखाने में भयानक विस्फोट; 9 लोगों की मौत

 Published : Jul 30, 2025 05:23 pm IST,  Updated : Jul 30, 2025 05:42 pm IST

थाईलैंड में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है।

Thailand Explosion in Fireworks Factory- India TV Hindi
Thailand Explosion in Fireworks Factory Image Source : AP

Thailand Fireworks Factory Explosion: मध्य थाईलैंड में पटाखा कारखाने में बुधवार को हुए विस्फोट में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। विस्फोट बैंकॉक से लगभग 95 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में, सुफान बुरी प्रांत में हुआ। विस्फोट का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है। 

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट को लेकर ‘समरकुन सुफान बुरी रेस्क्यू फाउंडेशन’ ने नौ लोगों की मौत की सूचना दी है और बताया है कि दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। प्रांतीय सरकार के जनसंपर्क विभाग ने बताया है कि घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। लापता लोगों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। 

पहले भी हुए हैं हादसे

पुलिस के वरिष्ठ सार्जेंट मेजर पिन्यो चानमनी ने बताया कि विस्फोट पटाखा निर्माण वाली एक इमारत में हुआ। यह स्पष्ट नहीं है कि कारखाने को पटाखा निर्माण का लाइसेंस था या नहीं। घटनास्थल से प्राप्त वीडियो और तस्वीरों में खेतों में लकड़ी की क्षतिग्रस्त इमारतें दिखाई दे रही हैं। जनवरी 2024 में इसी क्षेत्र में हुई एक ऐसी ही घटना में लगभग 20 लोग मारे गए थे। अधिकारियों के अनुसार, जुलाई 2023 में दक्षिणी थाईलैंड में पटाखा गोदाम में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 10 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए। 

थाईलैंड की राजधानी में हुई थी गोलीबारी

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक बाजार में बंदूकधारी हमलावर ने पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। पांच लोगों को गोली मारने के बाद हमलावार ने खुद को भी गोली मार ली थी। यह घटना'ओर टोर कोर' बाजार में हुई थी। इस बाजार को उच्च गुणवत्ता वाले ताजे फलों और समुद्री खाद्य पदार्थों के लिए जाना जाता है। मुताबिक मृतकों में चार सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। (एपी)

यह भी पढें:

भूकंप के बाद हवाई और जापान में नजर आ रहे राहत के आसार, सुनामी की चेतावनी को घटाकर परामर्श में बदला गया

हिरोशिमा जैसे 14300 परमाणु बम फटे एक साथ! 8.8 तीव्रता के भूकंप की ताकत जानकर हैरान रह जाएंगे आप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश