Israel US Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को बड़ा ऐलान करते हुए ईरान पर 5 दिनों तक हमला रोकने की बात कही है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अपने युद्ध विभाग को अगले 5 दिनों तक तेहरान पर हमला नहीं करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 2 दिनों में अच्छा वार्ता हुई है, लेकिन अब ईरान ने ट्रंप के इस दावे को खारिज कर दिया है। ईरान का कहना है कि ट्रंप की धमकी के बाद तेहरान द्वारा मजबूत पलटवार करने की चेतावनी दी गई थी। ट्रंप समझ गए कि ईरान के इरादे मजबूत हैं, और वह भीषण पलटवार करेगा...इसलिए वह अपने अल्टीमेटम वाले बयान से पीछे हट गए। ईरानी मीडिया के अनुसार तेहरान ने कहा है कि उनकी ट्रंप से इस बारे में कोई वार्ता नहीं हुई है।
ट्रंप ने दी थी ईरान पर 48 घंटे में बड़े हमले की धमकी
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बहुत बड़ी धमकी दी थी। ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान ने अगले 48 घंटे में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोला तो अमेरिका तेहरान पर बहुत भीषण हमला करेगा। अमेरिका ने कहा था कि इस हमले में अमेरिकी सेना ईरान के पावर ग्रिड और बिजली संयंत्रो को निशाना बनाएगी। ट्रंप की इस धमकी के जवाब में ईरान ने कहा था कि अगर ट्रंप ऐसा करते हैं तो तेहरान अमेरिका के सारे पावर नेटवर्क को ङी ध्वस्त कर देगा। यानी ईरान ने पूरे मिडिल ईस्ट में अमेरिका के बिजली संयंत्रों को निशाना बनाने की बड़ी धमकी दी थी। अब ईरान का कहना है कि तेहरान के इसी कड़े पलटवार के डर से ट्रंप खुद पीछे हट गए हैं, जबकि उसकी उनके साथ कोई बातचीत नहीं हुई है।
ट्रंप ने अपने ऐलान में क्या-क्या कहा?
ट्रंप ने अपने ताजा ऐलान में कहा है कि ईरान के साथ 2 दिनों तक अमेरिका की बातचीत अच्छी रही। अगले 5 दिनों तक अमेरिका अभी और वार्ता करेगा। तब तक वह ईरान पर कोई हमला नहीं करेगा। ट्रंप ने कहा कि 5 दिन बाद नया प्लान बनेगा कि आगे क्या करना है?...मगर ईरान ने ट्रंप के इस दावे को खारिज कर दिया है। हालांकि यह बात ईरानी मीडिया की ओर से कही जा रही है। अभी तक ईरान की तरफ से ट्रंप के दावे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।