1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. बोरिस जॉनसन ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कहा, ब्रिटेन कोरोना वायरस को हराएगा

बोरिस जॉनसन ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कहा, ब्रिटेन कोरोना वायरस को हराएगा

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 12, 2020 10:26 pm IST,  Updated : Apr 12, 2020 11:18 pm IST

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कहा कि उनका देश कोरोना वायरस को ‘‘हराएगा।’’

Boris- India TV Hindi
Boris Johnson Image Source : AP

लंदन. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कहा कि उनका देश कोरोना वायरस को ‘‘हराएगा।’’ कोविड-19 की जद में आए 55 वर्षीय जॉनसन अब ठीक हो चुके हैं। डाउनिंग स्ट्रीट ने उनके संदेश का वीडियो जारी किया। जॉनसन ने कहा, ‘‘हम कोरोना वायरस को हराएंगे और इसे मिलकर हराएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यद्यपि संघर्ष खत्म नहीं हुआ है, लेकिन हम इस राष्ट्रीय लड़ाई में प्रगति कर रहे हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘यद्यपि संघर्ष खत्म नहीं हुआ है, लेकिन हम इस राष्ट्रीय लड़ाई में प्रगति कर रहे हैं।’’ जॉनसन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि दो हफ्ते पहले कोविड-19 की उनकी जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद इलाज कर जान बचाने के लिये वह उनके आभारी हैं।

हालांकि, अपनी मेडिकल टीम की सलाह को मानते हुए प्रधानमंत्री फौरन ही काम पर नहीं लौटेंगे। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब उनके पूरी तरह से स्वस्थ होने तक उनकी ओर से उनका कामकाज देखते रहेंगे। प्रवक्ता ने बताया, ‘‘उन्होंने (प्रधानमंत्री ने) सेंट थॉमस में शानदार देखभाल के लिये हर किसी को धन्यवाद दिया।’’ अपने पहले अपने सार्वजनिक बयान में 55 वर्षीय जॉनसन ने कहा, ‘‘जान बचाने के लिए मैं उनका आभारी हूं।’’ 

जॉनसन को शनिवार को अस्पताल में गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू)से बाहर लाया गया था। रविवार को अस्पताल में भर्ती हुए उन्हें सात दिन हो गए थे। जॉनसन ने डॉक्टरों की निगरानी में कुछ दूर तक चहलकदमी भी की। कहा जाता है कि जॉनसन की मंगेतर कैरी साइमंड्स ने उनका मनोबल बढ़ाने के लिए पत्र भेजे हैं। साइमंड्स उनके बच्चे की मां बनने वाली हैं। जॉनसन को हजारों कार्ड भी मिल रहे हैं जिनमें उनके जल्द स्वथ्य होने की कामना की गयी है।

उनके काम पर लौटने की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर भारतीय मूल की एवं ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री को पूरी तरह से ठीक होने के लिए कुछ समय की जरूरत है। इस बीच कोरोना वायरस के कारण ब्रिटेन में मृतकों की संख्या रविवार को दस हजार से अधिक हो गयी और यह संख्या 10,612 तक पहुंच गयी। इस बीच, प्रधानमंत्री की ओर से 10 डाउनिंग स्ट्रीट के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किए गए ईस्टर संदेश में लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे घरों में ही रहने का आग्रह किया गया है। पोस्ट में कहा गया है, “इस साल देश भर में चर्च बंद रहेंगे, और परिवार अलग-अलग दिन बिताएंगे। लेकिन घरों में रहकर आप एनएचएस की रक्षा कर रहे हैं और जान बचा रहे हैं।”

ब्रिटेन में मृतकों की संख्या 10 हजार से अधिक

इंग्लैंड से कोरोना वायरस संक्रमण से मौत के 657 नए मामले सामने आने के बाद ब्रिटेन में मृतकों की संख्या 10 हजार से अधिक हो गई है। ब्रिटेन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा ने इसमें स्कॉटलैंड, वेल्स या उत्तरी आयरलैंड के आंकड़े शामिल नहीं किए हैं। पूरे ब्रिटेन के आंकड़े बाद में जारी किये जाएंगे। ब्रिटेन के अस्पतालों ने शनिवार को घोषणा की थी कि अब तक 9,875 रोगियों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद 657 लोगों की मौत के मामले सामने आए हैं। ब्रिटेन में नये मामलों की संख्या में ठहराव आया है, लेकिन मृतकों की संख्या अब भी बढ़ रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश