1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. स्पेन से अलग होकर नया देश बनेगा कैटालोनिया? जनमत संग्रह में वोटिंग जारी

स्पेन से अलग होकर नया देश बनेगा कैटालोनिया? जनमत संग्रह में वोटिंग जारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 01, 2017 04:30 pm IST,  Updated : Oct 01, 2017 04:30 pm IST

स्पेन के कैटालोनिया में अलग देश के लिए वोटिंग जारी है। वहीं स्पेन की सरकार इस मतदान को रोकने के लिए अपना पूरा जो लगा रही है...

Catalonia holds independence vote- India TV Hindi
Catalonia holds independence vote | AP Photo

बार्सिलोना: यूरोप के सबसे बड़े देशों में से एक स्पेन में इस समय बेहद ही अहम मुद्दे पर वोटिंग चल रही है। स्पेन से अलग होकर एक स्वतंत्र देश कैटालोनिया के निर्माण के लिए रविवार को जनमत संग्रह हो रहा है। स्पेन की सरकार के कड़े विरोध के बावजूद कैटालान की क्षेत्रीय सरकार यह जनमत संग्रह करा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेन सरकार ने कहा है कि वह इस जनमत संग्रह को बंद कराने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की संवैधानिक अदालत ने इसे अवैध करार दिया है। वहीं, स्पेन की पुलिस द्वारा कई जगहों पर इस मतदान को बलपूर्वक बंद कराने की भी खबरें आ रही हैं।

जनमत संग्रह के दौरान मतपत्र पर केवल एक प्रश्न है, ‘क्या आप कैटालोनिया को स्पेन से अलग कर एक अलग राष्ट्र बनाना चाहते हैं? ’ इस संबंध में 'हां' और 'नहीं' की दो मतपेटियां हैं। रविवार सुबह स्पेन पुलिस के दर्जनभर वाहन बार्सिलोना में अपने अड्डे से रवाना हो गए। मतदान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे मतदान शुरू होने पर पुलिसकर्मियों ने मतपत्रों और मतपेटियों को जब्त करना शुरू कर दिया। हजारों की संख्या में अलगाववादी समर्थकों ने मतदान से पहले स्कूलों और अन्य इमारतों पर कब्जा कर लिया। इन स्कूलों और इमारतों को मतदान केंद्र बनाया गया है।

कुछ क्षेत्रों में किसानों ने सड़कों और मतदान केंद्रों के दरवाजों पर ट्रैक्टर खड़े कर दिए ताकि अधिकारी इन्हें सील न कर सकें। जनमत संग्रह के आयोजकों ने लोगों से किसी भी पुलिस कार्रवाई का शांतिपूर्वक जवाब देने का अनुरोध किया है। कैटालान के सरकारी अधिकारियों ने मतदान के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने का अनुमान जताया है। कैटालान क्षेत्र के उप राष्ट्रपति ओरियल जंक्वेरस ने टीवी3 से कहा कि रविवार का दिन लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण दिन होगा। स्पेन के पूर्वोत्तर में स्थित कैटालोनिया में 75 लाख की आबादी है। आर्थिक रूप से समृद्ध इस क्षेत्र की अपनी भाषा और संस्कृति है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश