1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रिकार्डतोड़ गर्मी से ब्रिटेन सहित यूरोप का बुरा हाल, पेरिस में तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस

रिकार्डतोड़ गर्मी से ब्रिटेन सहित यूरोप का बुरा हाल, पेरिस में तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 26, 2019 12:02 am IST,  Updated : Jul 26, 2019 12:02 am IST

ब्रिटेन में गुरूवार का दिन जुलाई महीने का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। यहां के हीथ्रो हवाई अड्डे पर पारा 36.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 

Europe Heatwave- India TV Hindi
Europe Heatwave Image Source : AP

पेरिस: ब्रिटेन में गुरूवार का दिन जुलाई महीने का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। यहां के हीथ्रो हवाई अड्डे पर पारा 36.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले साल 2015 के जुलाई महीने में तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस तक रहा था जबकि साल 2003 के अगस्त में सर्वाधिक तापमान 38. 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ब्रिटेन के पास तापमान संबंधी रिकार्ड 1865 से हैं। पड़ोसी देश फ्रांस के पेरिस में तापमान रिकार्ड तोड़ता हुआ 40.6 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। यहां के मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले अधिकतम तापमान का रिकार्ड 1947 में 40.4 डिग्री सेल्सियस का रहा था। 

हालैंड में भी गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। यहां गुरूवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक चले जाने का अंदेशा जताया जा रहा है। बेल्जियम में अधिकारियों ने कहा है कि देश में 1833 के बाद से तापमान पहली बार 40 डिग्री के निशान के पार कर गया है। यहां पर गुरूवार को पारा 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा। ऑस्ट्रिया में गुरूवार को अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी देते हुये कहा है कि अगर तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाता है तो बच्चों और पशुओं को बंद कार में न छोड़ें क्योंकि उन्हें जान का खतरा हो सकता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश