1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. जो बाइडेन ने रूस के राष्ट्रपति को कहा था 'हत्यारा', पुतिन ने दिया ये करारा जवाब

जो बाइडेन ने रूस के राष्ट्रपति को कहा था 'हत्यारा', पुतिन ने दिया ये करारा जवाब

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 18, 2021 07:34 pm IST,  Updated : Mar 18, 2021 07:51 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा 'हत्यारा' कहे जाने पर रूस के उनके समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने तंज कसा है।

Vladimir Putin, Vladimir Putin Killer, Joe Biden Vladimir Putin, Vladimir Putin Killer Joe Biden, Bi- India TV Hindi
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा 'हत्यारा' कहे जाने पर रूस के उनके समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने तंज कसा है। Image Source : AP FILE

मॉस्को: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा 'हत्यारा' कहे जाने पर रूस के उनके समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने तंज कसा है। रूस में क्रीमिया के विलय के 7 साल पूरे होने के मौके पर पुतिन ने कहा कि मॉस्को इस विवाद के चलते वॉशिंगटन से अपने रिश्ते तोड़ने नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका देश अमेरिका के साथ काम करना जारी रखेगा। अपने बचपन में सुनी एक कहावत का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने कहा, 'जो दूसरों को जैसा कहता है वह वैसा ही होता है।' पुतिन ने कहा, 'यह बच्चों की कहावत या कोई मजाक नहीं है। इसमें एक गहरा मनोवैज्ञानिक अर्थ है।'

‘जो बाइडेन की अच्छी सेहत की कामना करता हूं’

पुतिन ने कहा, 'हम हमेशा दूसरे लोगों में अपने ही गुण देखते हैं और सोचते हैं कि वह भी हमारे जैसा ही होगा।' उन्होंने कहा कि वह 78 वर्षीय जो बाइडेन की अच्छी सेहत की कामना करते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं यह बात मजाक में नहीं कह रहा हूं।' रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका दुनिया का एकलौता ऐसा देश है जिसने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि रूस 'अपने हितों की रक्षा करना' जानता है और वह अमेरिका के साथ उन शर्तों पर काम करेगा जो मॉस्को के लिए 'लाभकारी' हैं।

रूस के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं बाइडेन
बता दें कि अमेरिकी राष्‍ट्रपति जो बाइडेन ने रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन को 'हत्‍यारे' की संज्ञा दी थी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि रूस को इसकी 'कीमत चुकानी पड़ेगी।' बाइडेन के इस बयान के बाद रूस ने अपने राजदूत को वापस बुला लिया था जिससे इन दोनों शक्तियों के बीच टकराव की आशंका बढ़ गई थी। रूस ने यह भी कहा है कि वह नहीं चाहता है कि अमेरिका के साथ उसके रिश्‍ते ऐसी जगह न पहुंच जाएं जहां से वापस न आया जा सके। बता दें कि बाइडेन के इस बयान के बाद कई विशेषज्ञों ने दुनिया के कई हिस्सों में छोटी-मोटी लड़ाइयों की भी बात कही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश