1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. बुर्किना फासो में अल-कायदा के आतंकियों ने मचाया कत्लेआम, 100 लोगों को मार डाला

बुर्किना फासो में अल-कायदा के आतंकियों ने मचाया कत्लेआम, 100 लोगों को मार डाला

 Published : Aug 27, 2024 12:46 pm IST,  Updated : Aug 27, 2024 12:46 pm IST

अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में अल-कायदा के आतंकियों ने कत्लेआम मचाया है। अल-कायदा के आतंकियों ने एक गांव में हमला किया। आतंकियों के इस हमले में कम से कम 100 लोगों की मौत हो गई है।

Burkina Faso al-Qaeda Terror Attack (सांकेतिक तस्वीर) - India TV Hindi
Burkina Faso al-Qaeda Terror Attack (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : FILE AP

अबुजा: मध्य बुर्किना फासो के एक गांव में अल-कायदा से जुड़े आतंकवादियों ने हमला किया था। आतंकियों के इस हमले में कम से कम 100 ग्रामीणों और सैनिकों की मौत हो गई है। एक विशेषज्ञ ने हमले से जुड़े वीडियो की गहन जांच के बाद यह जानकारी दी है। इस हमले को संघर्षग्रस्त बुर्किना फासो में इस वर्ष हुए सबसे घातक हमलों में से एक बताया जा रहा है। सुरक्षा थिंक टैंक ‘सौफान सेंटर’ के वरिष्ठ अनुसंधान ‘फेलो’ वसीम नस्र ने बताया कि राजधानी औगाडौगू से 80 किलोमीटर दूर बार्सालोघो कम्यून के ग्रामीण सुरक्षा चौकियों और गांवों की रक्षा के लिए बनाई जा रही खाइयों की खुदाई के काम में सुरक्षा बलों की मदद कर रहे थे। नस्र के अनुसार, इस दौरान अल-कायदा से जुड़े जमात नुसरत अल-इस्लाम अल-मुस्लिमीन (जेएनआईएम) समूह के आतंकवादियों ने गांव में गोलीबारी शुरू कर दी। 

अल-कायदा ने ली हमले की जिम्मेदारी

अल-कायदा ने रविवार (25-08-2024) को एक बयान जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली। आतंकी संगठन ने काया शहर के बार्सालोघो में ‘एक सैन्य चौकी पर पूर्ण नियंत्रण’ हासिल करने का दावा भी किया है। काया रणनीतिक लिहाज से अहम शहर है, जहां सुरक्षा बलों और औगाडौगू पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे आतंकी संगठनों के बीच कई बार मुठभेड़ हो चुकी हैं। नस्र ने बताया कि हमले से जुड़े वीडियो में कम से कम 100 शवों की गिनती की गई है। इन वीडियो में गोलीबारी की आवाज के बीच खाइयों और फावड़ों के पास पड़ा शवों का ढेर दिखाई दे रहा है। 

दिया गया हमले का जवाब

बुर्किना फासो के सुरक्षा मंत्री महामदौ सना ने रविवार को कहा कि सरकार ने हमले का करारा जवाब दिया है। उन्होंने हमले में मारे गए लोगों की वास्तविक संख्या नहीं बताई, लेकिन कहा कि मृतकों में सैनिक और नागरिक शामिल हैं। सना ने कहा, ‘‘हम इस क्षेत्र में ऐसी बर्बरता स्वीकार नहीं करेंगे। सरकार ने सभी प्रभावित लोगों को चिकित्सा एवं अन्य मानवीय सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। अधिकारी लोगों के जीवन की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ (एपी)

यह भी पढ़ें:

जंग के बीच यूक्रेन के इस दावे से उड़ जाएगी रूस की नींद, अब होगा इस खतरनाक हथियार का इस्तेमाल

चीन ने दक्षिण चीन सागर में फिर लिया पंगा, अब फिलीपींस के जहाज को खाद्य आपूर्ति करने से रोका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश