1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. UK की संसद में रचा गया इतिहास, पहली बार ब्रिटिश राजा-रानियों की तस्वीरों के साथ स्थापित हुआ सिख सांसद का चित्र

UK की संसद में रचा गया इतिहास, पहली बार ब्रिटिश राजा-रानियों की तस्वीरों के साथ स्थापित हुआ सिख सांसद का चित्र

 Published : Nov 18, 2024 07:14 pm IST,  Updated : Nov 18, 2024 07:16 pm IST

ब्रिटेन और यूरोपीय इतिहास के पहले पगड़ीधारी सिख सांसद लॉर्ड इंद्रजीत सिंह का चित्र हाउस ऑफ लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित बिशप कॉरिडोर में स्थापित किया गया है। सिख नेताओं ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया है।

UK Parliament Sikh MP Lord Indrajit Singh Portrait- India TV Hindi
UK Parliament Sikh MP Lord Indrajit Singh Portrait Image Source : INDIA TV
UK Parliament Sikh MP Lord Indrajit Singh Portrait: यूके और यूरोप के पहले पगड़ीधारी सिख सांसद लॉर्ड इंद्रजीत सिंह को बड़ा सम्मान प्राप्त हुआ है। उनकी सेवाओं और राष्ट्र के लिए योगदान के बदले उनका चित्र वेस्टमिंस्टर, लंदन स्थित ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ लॉर्ड्स के बिशप कॉरिडोर में स्थापित किया गया है। यह पहली बार है जब ब्रिटिश संसद में किसी सिख का चित्र प्रदर्शित किया गया है। लॉर्ड इंद्रजीत सिंह का चित्र अनावरण समारोह ब्रिटिश सिख सांसदों तनमनजीत सिंह ढेसी, लॉर्ड कुलदीप सिंह सहोता, सांसद जस अथवाल, सांसद किरिथ एंटविसल, सांसद रिचर्ड बेकन, सांसद भगत सिंह शंकर और लेडी सिंह डॉ कंवलजीत कौर औबीई, उनके परिवार और मित्रों की उपस्थिति में हुआ।

 

लॉर्ड इंद्रजीत सिंह के योगदान की हुई सराहना 

इस खास अवसर पर लॉर्ड इंद्रजीत सिंह के योगदान की सराहना करते हुए, हाउस ऑफ लॉर्ड्स हेरिटेज कमेटी के चेयरमैन लॉर्ड स्पीकर फॉल्कनर ने  कहा कि इंद्रजीत सिंह ने यूके में सिख धर्म की समझ को बढ़ाने में अभूतपूर्व काम किया। इस मौके पर तनमनजीत सिंह ढेसी ने कहा कि संसद में लॉर्ड इंद्रजीत सिंह का चित्र प्रदर्शित करना एक ऐतिहासिक कदम है और यह इस प्रतिष्ठित सदन के सभी सांसदों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

 

'सिखों के लिए सम्मान की बात'

ग्लोबल सिख काउंसिल (GSC) के कोषाध्यक्ष हर्सरण सिंह ने इस उपलब्धि पर कहा कि यूके की संसद में पगड़ीधारी सिख, लॉर्ड इंद्रजीत सिंह का चित्र हाउस ऑफ लॉर्ड्स में लगाया जाना पूरी सिख कौम और पंजाबी समुदाय के लिए गर्व की बात है। जीएससी के उपाध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी गुरसिख का चित्र ऐतिहासिक यूके संसद की दीवारों पर सजेगा। काउंसिल के उपाध्यक्ष अमेरिका से परमजीत सिंह बेदी ने कहा कि यह सभी सिखों के लिए बेहद सम्मान की बात है कि लॉर्ड सिंह की उपलब्धियों और निस्वार्थ सेवाओं को सर्वोच्च स्तर पर मान्यता दी गई है।

 

लॉर्ड सिंह का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत

ग्लोबल सिख काउंसिल के महासचिव हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि यह मान्यता लॉर्ड इंद्रजीत सिंह के जीवनभर के समर्पण, ब्रिटिश समाज, सिख समुदाय और अंतरधार्मिक सद्भाव के प्रति उनके योगदान का प्रमाण है। काउंसिल के कार्यकारी सदस्य, मलेशिया से जगीर सिंह ने कहा कि संसद और अंतरधार्मिक मुहिम में लॉर्ड सिंह का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्त्रोत रहेगा।
UK Parliament Sikh MP Lord Indrajit Singh Portrait
Image Source : INDIA TVUK Parliament Sikh MP Lord Indrajit Singh Portrait

 

मिली ‘बैरोन सिंह ऑफ विम्बलडन’ की उपाधि

ग्लोबल सिख काउंसिल के कार्यकारी सदस्य, यूके से सतनाम सिंह पूनिया ने कहा कि ‘बैरोन सिंह ऑफ विम्बलडन’ की उपाधि धारण करने वाले लॉर्ड सिंह ने एक और मील का पत्थर स्थापित किया है। उन्होंने सिख मूल्यों को ऊंचा उठाया है और ब्रिटिश संसद में भी सभी दलों से सम्मान अर्जित किया है। सिख प्रचार समिति के चेयरमैन, राजिंदर सिंह ने इसे पूरे सिख समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि यह अत्यंत गर्व का क्षण है।

 

मिले इतिहास रचने वाले सिख नेता 

यूके हाउस ऑफ कॉमन्स के पहले पगड़ीधारी सिख सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी (बाएं) ने यूके हाउस ऑफ लॉर्ड्स में नियुक्त पहले पगड़ीधारी सिख लॉर्ड इंद्रजीत सिंह से मुलाकात की। यह एक ऐतिहासिक क्षण था जब दोनों पगड़ीधारी सिख सांसद लॉर्ड सिंह के चित्र के अनावरण समारोह के लिए एकत्र हुए, जिसे यूके संसद में स्थापित किया जा रहा है। परिवार और दोस्तों का स्वागत करते हुए, उन्होंने ब्रिटिश समाज और यूके में सिखों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी अपने विचार भी साझा किए।
 
यह भी पढ़ें:
 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश