1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस भागकर आए यूक्रेन के पूर्व सांसद की हत्या, यूक्रेनी सेना बोली 'पुतिन का साथ देने पर यही होगा हश्र'

रूस भागकर आए यूक्रेन के पूर्व सांसद की हत्या, यूक्रेनी सेना बोली 'पुतिन का साथ देने पर यही होगा हश्र'

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 07, 2023 10:49 am IST,  Updated : Dec 07, 2023 10:49 am IST

रूस भागकर आए पूर्व यूक्रेनी सांसद इलिया कीवा की रूस में हत्या कर दी गई है। इस हत्या से सनसनी फैल गई। उनका शव मॉस्को के पास पड़ा मिला। यूक्रेनी सेना के अधिकारी का कहना है कि 'पुतिन का समर्थन करने वालों का यही हश्र होगा'।

यूक्रेन के पूर्व सांसद की हत्या- India TV Hindi
यूक्रेन के पूर्व सांसद की हत्या Image Source : SOCIAL MEDIA

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जोरदार जंग चल रही है। पिछले साल फरवरी के महीने से अभी तक यह जंग जारी है। इसी बीच यूक्रेन से भागकर रूस पहुंचे पूर्व यूक्रेनी सांसद की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 

यूक्रेन पर हमले के तुरंत बाद भागकर रूस पहुंचे एक पूर्व यूक्रेनी सांसद का शव मॉस्को के निकट बरामद हुआ है। 

इस घटना के बाद यूक्रेनी सेना की खुफिया इकाई ने चेतावनी देते हुए कहा कि ‘यूक्रेन के अन्य गद्दारों’ का भी यही हश्र होगा। यूक्रेन की संसद के पूर्व सदस्य इलिया कीवा (46) का शव बुधवार को मॉस्को के पास एक गांव में बरामद किया गया और उनके सिर पर गोली लगने के निशान थे। कीवा ने फरवरी 2022 में कीव पर रूसी सैनिकों के हमले के समय आत्मसमर्पण करने की अपील की थी। 

रूस ने शुरू की हत्या की जांच

रूस की जांच समिति ने हत्या के इस मामले में जांच शुरू कर दी है। यूक्रेन की सेना की खुफिया इकाई के प्रवक्ता एंड्री युसोव ने टेलीविजन पर प्रसारित अपनी टिप्पणी में कहा कि कीवा की ‘मौत’ हो गई और यह भी कहा कि ‘यूक्रेन के अन्य गद्दारों और पुतिन का साथ देने वालों का यही हश्र होगा।’ 

कीवा रूस में प्रसारित होने वाले टीवी शो में लगातार भाग लेते थे, इस दौरान उन्होंने कई बार यूक्रेनी नेतृत्व की आलोचना भी की। यूक्रेनी अधिकारियों ने उन पर राजद्रोह का आरोप लगाया था। रूसी अधिकारियों ने कीवा और रूस में अन्य हमलों के लिए यूक्रेनी सुरक्षा एजेंसियों को जिम्मेदार बताया है। 

पुतिन गए दो मुस्लिम देशों की यात्रा पर

जंग के बीच यूक्रेन से युद्ध के करीब 22 महीने बीत जाने के बाद पहली बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन दो बड़े मुस्लिम देशों की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। उनकी यह यात्रा नाटो चीफ जेंस स्टोल्टेनबर्ग के उस दावे के ठीक बाद हो रही है, जब उन्होंने नाटो देशों को यूक्रेन से बुरी खबर आने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है। 

बता दें कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन पर युद्ध के लिए अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद आज बुधवार को सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) दोनों की यात्रा के लिए रवाना हुए। पहले वह संयुक्त अरब अमीरात गए और उसके बाद सऊदी अरब के लिए रवाना हो गए हैं। दुबई संयुक्त राष्ट्र की सीओपी28 जलवायु वार्ता की मेजबानी कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश