पेरिस: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूसी प्रेसिडेंट व्लादिमिर पुतिन से पंगा ले लिया है। फ्रांस की पुलिस ने देश के अटलांटिक तट पर फंसे रूसी तेल टैंकर के चालक दल के दो सदस्यों को हिरासत में लिया है। फ्रांस के एक अभियोजक ने यह जानकारी दी। इमैनुएल मैक्रों का दावा है कि यह टैंकर रूसी बेड़े का हिस्सा है, जिसे गोपनीय तरीके से चलाया जाता है।
मैक्रों ने लगाया ये आरोप
मैक्रों ने कहा कि इन पुराने टैंकरों के मालिकाना हक का स्पष्ट पता नहीं चलता और इन्हें सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के लिए जाना जाता है। आरोप है कि यूक्रेन में रूस के युद्ध के कारण पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों से बचने के लिए ऐसे टैंकरों का इस्तेमाल किया जाता है। पश्चिमी बंदरगाह शहर ब्रेस्ट के अभियोजक स्टीफन केलेनबर्गर ने बताया कि चालक दल के सदस्य बुधवार से हिरासत में हैं, जो खुद को जहाज का कप्तान और मुख्य सहायक बताने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटलांटिक समुद्री प्रीफेक्ट (फ्रांस सरकार के अधिकारी) द्वारा सोमवार को न्यायिक अधिकारियों को सूचित किए जाने के बाद जांच शुरू की गई। चालक दल ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि यह जहाज किस देश का है।
फ्रांसीसी नौसेना ने लिया एक्शन
एक सैन्य अधिकारी ने बुधवार को बताया कि फ्रांसीसी नौसेना ने कुछ दिन पहले अभियोजकों के अनुरोध पर जहाज के खिलाफ कार्रवाई की थी, क्योंकि उन्हें संदेह था कि जहाज में कुछ गड़बड़ी हो सकती है। अधिकारी के अनुसार, जहाज को आगे की जांच होने तक वहीं रुकने का आदेश दिया गया है। समुद्री यातायात निगरानी वेबसाइट के अनुसार, यह जहाज 20 सितंबर को सेंट पीटर्सबर्ग के निकट प्रिमोर्स्क स्थित रूसी तेल टर्मिनल से रवाना हुआ था और डेनमार्क के तट से गुजरते हुए रविवार से फ्रांस के पश्चिमी बंदरगाह सेंट-नज़ायर के तट से दूर रुका हुआ है।
मैक्रों ने कहा-टैंकर के चालक दल ने किया बहुत गलत काम
मैक्रों ने बुधवार को डेनमार्क के कोपेनहेगन में यूरोपीय संघ के नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान कहा, ‘‘टैंकर के चालक दल ने कुछ बहुत गलत काम किए हैं।’’ उन्होंने यह भी कहा कि इस टैंकर ने रूस के उस बेड़े के अस्तित्व को ‘‘उजागर’’ किया है, जिसका परिचालन चोरी-छिपे किया जाता है। यह टैंकर ‘‘पुष्पा’’ या ‘‘बोराके’’ नाम से कई बार बदला गया है। इसके ऊपर पश्चिम अफ्रीकी देश बेनिन का ध्वज लगा है, और यह रूस के खिलाफ यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों के तहत लक्षित जहाजों की सूची में शामिल है। (एपी)