1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. यूरोप की यात्रा पर गए नागपुर के उद्यमी दंपति की इटली में मौत, सड़क दुर्घटना में गंवाई जान

यूरोप की यात्रा पर गए नागपुर के उद्यमी दंपति की इटली में मौत, सड़क दुर्घटना में गंवाई जान

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Oct 04, 2025 07:07 pm IST,  Updated : Oct 04, 2025 07:19 pm IST

इटली में नागपुर के एक उद्यमी परिवार की सड़क हादसे में मौत हो गई है। भारतीय दूतावास ने एक्स पर यह जानकारी शेयर करके दुख व्यक्त किया है।

प्रतीकात्मक फोटो। - India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो। Image Source : AP

रोमः यूरोपी की यात्रा पर निकाल भारत के नागपुर शहर का एक उद्यमी परिवार इटली में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में उद्यमी दंपति की मौत हो गई और उनके बच्चे घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इटली में भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है और बताया कि वे मृतकों के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी एक भारतीय परिवार की यूरोप में छुट्टियां मनाने गया हुआ था। बृहस्पतिवार को उनकी यात्रा का दुखद अंत हो गया। इस दुर्घटना में नागपुर के व्यवसायी जावेद अख्तर और उनकी पत्नी नादिरा गुलशन की इटली में मौत हो गई। 55 वर्षीय जावेद अख्तर नागपुर के एक प्रसिद्ध होटलियर और उद्यमी थे। वे अपनी पत्नी गुलशन (47) और तीन बच्चों बेटियां अर्जू अख्तर (21) और शिफा अख्तर व बेटे जैज़ेल अख्तर के साथ यात्रा कर रहे थे। इटली में जब वे ऑरेलिया हाइवे के पास ग्रोसेटो के करीब थे, तभी उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। उनका नागपुर के सीताबुल्दी फ्लाईओवर के पास गुलशन प्लाज़ा नाम से बड़ा होटल है।


22 सितंबर से यात्रा पर था परिवार

सूत्रों के अनुसार उनका छुट्टियों का सफर 22 सितंबर को फ्रांस से शुरू हुआ था, इसके बाद वे इटली पहुंचे। दुर्घटना तब हुई जब वे नौ सीटों वाले मिनीबस से किसी दर्शनीय स्थल की यात्रा पर जा रहे थे। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, नागपुर के इस दंपति सहित तीन लोग इस हादसे में मारे गए। घटना एक वैन और मिनीबस की आपस में टकरा जाने के कारण हुई। इसमें  ज्यादातर एशियाई पर्यटक सवार थे। इस हादसे में दंपति के साथ मिनीबस के ड्राइवर की भी मौत हो गई। उनकी बेटी अर्जू को सिर में गंभीर चोटें आईं, और वह सिएना के ली स्कॉट अस्पताल में भर्ती हैं, उनकी हालत गंभीर बताई गई है। शिफा और जैज़ेल फ्लोरेंस और ग्रोसेटो के अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं।


भारतीय दूतावास का बयान

भारतीय दूतावास ने नागपुर के इस दंपति के निधन पर शोक व्यक्त किया और परिवार की सहायता का आश्वासन दिया। दूतावास ने X पर लिखा, "दूतावास ग्रोसेटो के पास हुए हादसे में नागपुर के दो भारतीय नागरिकों के दुखद निधन पर अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता है। हम घायल परिवार के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। दूतावास परिवार और स्थानीय इतालवी अधिकारियों के संपर्क में है और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश