1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. G7 में दिखी भारत-कनाडा की नई केमिस्ट्री, PM मोदी ने कार्नी से कहा- 'इस साल कनाडा आने की कोशिश करूंगा'

G7 में दिखी भारत-कनाडा की नई केमिस्ट्री, PM मोदी ने कार्नी से कहा- 'इस साल कनाडा आने की कोशिश करूंगा'

 Published : Jun 16, 2026 10:06 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 10:06 pm IST

नरेंद्र मोदी और मार्क कार्नी ने G7 सम्मेलन में भारत-कनाडा संबंधों, FTA, तकनीक, ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार सहयोग पर चर्चा की। मोदी ने इस वर्ष कनाडा यात्रा की इच्छा जताई, जबकि दोनों नेताओं ने आर्थिक साझेदारी और व्यापार बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Modi Carney Meeting, India Canada Relations, G7 Summit 2026- India TV Hindi
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और पीएम नरेंद्र मोदी। Image Source : X.COM/MEAINDIA

एवियन: G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों, मुक्त व्यापार समझौते (FTA), तकनीक, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। दोनों देशों ने आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में PM मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनकी और मार्क कार्नी की पहली मुलाकात G7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई और लगभग एक साल बाद दोनों नेता फिर आमने-सामने मिले हैं।

'हम मित्र देशों के रूप में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहे'

PM मोदी ने कहा, 'जैसा कि आपने बताया, हम चार बार मिल चुके हैं। हम द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर खुलकर विचारों का आदान-प्रदान कर रहे हैं और मित्र देशों के रूप में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहे हैं।' उन्होंने भारतीय समुदाय के प्रति कनाडा की चिंता और सहयोग के लिए प्रधानमंत्री कार्नी का आभार जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत मुक्त व्यापार समझौते को लेकर काफी उत्सुक है और कनाडा यात्रा के निमंत्रण का जिक्र करते हुए कहा कि वह इस वर्ष कनाडा आने का प्रयास करेंगे और चाहते हैं कि उनके दौरे से पहले ही यह समझौता पूरा हो जाए।

कार्नी ने भारत के साथ मजबूत संबंधों की इच्छा जताई

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना चाहता है और कनाडा ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण साझेदार बन सकता है। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर दोनों देशों के बीच विस्तृत चर्चा होगी। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शुरुआत से ही दोनों देशों के रिश्तों के लिए ऊंचे मानक तय किए हैं और दोनों देश मिलकर बेहतर प्रगति कर रहे हैं।

'दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं'

कार्नी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को समयसीमा तय करना पसंद है और कनाडा को भी। उन्होंने बताया कि भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर सक्रिय बातचीत चल रही है और लक्ष्य है कि इसे G20 शिखर सम्मेलन तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं और दशक के अंत तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना उनका साझा लक्ष्य है।

ये भी पढ़ें:

G7 समिट में फिर दिखी ‘मेलोडी’ वाली दोस्ती, मोदी-मेलोनी की मुलाकात ने बटोरी सुर्खियां

फ्रांस में पीएम मोदी से मिले डोनाल्ड ट्रंप, G-7 की बैठक के दौरान हुई मुलाकात, देखें Video

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश