कोसोवो की असेंबली की कार्यवाही शनिवार को विपक्ष के हंगामे के बाद रोकनी पड़ी। यहां असेंबली में कार्यवाही के दौरान विपक्षी सांसद ने सदन के अंदर कार्यवाहक प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती पर अंडे फेंक दिए। यह हंगामा तब हुआ जब कार्यवाहक प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती की पार्टी, 'वेतेवेंडोसे' (Vetevendosje) 7 जून के आम चुनाव के बाद सरकार बनाने के लिए विपक्षी समूहों के साथ समझौता करने की कोशिश कर रही थी। हालांकि 'वेतेवेंडोसे' 120 संसदीय सीटों में से 53 सीटें जीतकर सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी, लेकिन गठबंधन सहयोगियों के बिना सरकार चलाने के लिए जरूरी बहुमत उसके पास नहीं है।
कार्यवाहक प्रधानमंत्री पर फेंके अंडे
विपक्षी पार्टी 'अलायंस फॉर द फ्यूचर ऑफ कोसोवो' (AAK) की सांसद टाइम काद्रिजाज (Time Kadrijaj) पहली पंक्ति में बैठे कुर्ती के पास गईं और उनकी तरफ कई अंडे फेंके। उन्होंने चिल्लाकर कहा, "शर्म आनी चाहिए आपको!" इसके बाद सुरक्षाकर्मी और साथी सांसद बीच-बचाव के लिए आगे आए। इस घटना के तुरंत बाद संसद की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। जब सुरक्षाकर्मियों ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री को घेर लिया, तो चेयरपर्सन ने लाइव टेलीविजन प्रसारण रोकने का आदेश दिया। बाद में काद्रिजाज ने इस घटना के वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर अपलोड किए।
कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने दी प्रतिक्रिया
इस हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए कुर्ती हमले से विचलित नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि अगर उन पर अंडे फेंका जाना राजनीतिक बातचीत को ज़िंदा रखने की कीमत है, तो "मैं यह कीमत चुकाने को तैयार हूं।" दरअसल, असेंबली की बैठक इसलिए बुलाई गई थी कि कुर्ती संसद के स्पीकर पद के लिए किसी उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेंगे। इसके बजाय, उन्होंने नए राष्ट्रपति के चुनाव पर समझौता करने के लिए और समय मांगा। उन्होंने माना कि राष्ट्रपति पद को लेकर चल रही बातचीत में कोई आम सहमति नहीं बन पाई है। बता दें कि पहले भी कोसोवो की संसद में इस तरह की हंगामे की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
दो साल में हुए तीन चुनाव
बता दें कि कोसोवो लंबे समय से राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। यहां बार-बार संसदीय गतिरोध के कारण दो साल से भी कम समय में तीन आम चुनाव हो चुके हैं। 7 जून को चुनाव तब कराने पड़े जब सांसद तय समय के भीतर राष्ट्रपति नहीं चुन पाए। एक काम करने वाली सरकार बनाने और राज्य के अहम अधिकारियों को चुनने के लिए, कुर्ती की पार्टी 'वेतेवेंडोस्जे' (Vetevendosje) को अभी भी विपक्षी गुटों के समर्थन की जरूरत है। हालांकि 'डेमोक्रेटिक लीग ऑफ कोसोवो' (LDK), जिसके पास 18 सीटें हैं, को मुख्य गठबंधन सहयोगी के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन कुर्ती और LDK नेता लुमिर अब्दिक्सिकु के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। वहीं, विपक्षी 'कोसोवो डेमोक्रेटिक पार्टी' (PDK) के पास 22 सीटें हैं।
फिर से कराना पड़ सकता है चुनाव
कोसोवो के नियमों के मुताबिक, चुनाव के अंतिम नतीजों की पुष्टि के 30 दिनों के भीतर विधानसभा का गठन हो जाना चाहिए। हालांकि वह समय-सीमा अब बीत चुकी है, लेकिन इसके कानूनी नतीजे अभी भी स्पष्ट नहीं हैं क्योंकि संविधान में समय-सीमा चूकने के परिणामों के बारे में साफ तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। साथ ही, राष्ट्रपति के चुनाव के लिए दो महीने की एक अलग समय-सीमा भी लागू होती है। उस समय-सीमा के भीतर राष्ट्राध्यक्ष को न चुन पाने पर अपने आप नए संसदीय चुनाव कराने की नौबत आ जाएगी, जिससे इस बात की संभावना बढ़ गई है कि कोसोवो को एक बार फिर चुनाव कराने पड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें-