1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. यूक्रेन की राजधानी कीव पर बरसा रूस का कहर, ड्रोन और मिसाइल से किया बड़ा हमला

यूक्रेन की राजधानी कीव पर बरसा रूस का कहर, ड्रोन और मिसाइल से किया बड़ा हमला

 Published : May 24, 2025 07:05 am IST,  Updated : May 24, 2025 08:11 am IST

रूस ने कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से बड़ा हमला किया, जिससे शहर में कई धमाके हुए। रूस के हमले से बचने के लिए तमाम नागरिकों ने मेट्रो स्टेशनों में शरण ली।

Russia Ukraine war, Kiev missile attack, Russian drone strike- India TV Hindi
रूस और यूक्रेन के बीच यह जंग 24 फरवरी 2022 को शुरू हुई थी। Image Source : AP

कीव: यूक्रेन की राजधानी कीव पर शुक्रवार देर रात रूस ने ड्रोन और मिसाइलों से जोरदार हमला किया। शहर में कई जगहों पर धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और मशीनगनों की गोलीबारी की गूंज रही। हमले से डरे हुए कीव के कई लोग अपनी जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों में शरण लेने को मजबूर हुए। कीव मिलिट्री प्रशासन के कार्यवाहक प्रमुख टिमुर त्काचेंको ने टेलीग्राम पर बताया कि रूसी ड्रोन और मिसाइलों के मलबे शहर के कम से कम 4 इलाकों में गिरे। इस हमले में 6 लोगों को मेडिकल मदद की जरूरत पड़ी।

कीव के मेयर ने दी थी हमले की चेतावनी

सोलोमियान्स्की जिले में 2 जगहों पर आग भी भड़क उठी। कीव के मेयर विटाली क्लिट्सचको ने हमले से पहले चेतावनी दी थी कि 20 से ज्यादा रूसी ड्रोन कीव की ओर बढ़ रहे हैं। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच यह जंग 24 फरवरी 2022 को शुरू हुई, जब रूस ने यूक्रेन पर बड़ा सैन्य हमला बोला। तब से लेकर अब तक दोनों देशों को भारी नुकसान हुआ है। यूक्रेन में हजारों लोग मारे गए हैं, जिनमें आम नागरिक भी शामिल हैं। यूक्रेन के कई शहर, खासकर खार्किव, मारियुपोल और अब कीव, बार-बार रूसी हमलों का निशाना बने हैं। इमारतें, स्कूल, अस्पताल और बुनियादी ढांचा तबाह हो चुका है। लाखों यूक्रेनी नागरिक देश छोड़कर शरणार्थी बन गए हैं।

Russia Ukraine war, Kiev missile attack, Russian drone strike
Image Source : APरूस के हमले के बाद लोगों ने अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों में शरण ली।

जंग में मारे गए हैं रूस के हजारों सैनिक

रूस को भी इस जंग में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। जंग में अब तक हजारों रूसी सैनिक मारे गए हैं, और मुल्क की अर्थव्यवस्था पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की वजह से भारी असर पड़ा है। हालांकि, सटीक आंकड़े देना मुश्किल है क्योंकि दोनों पक्ष अपने नुकसान के बारे में पूरी जानकारी नहीं देते।  कीव में रूस के ताजा हमले ने एक बार फिर जंग की भयावहता को सामने ला दिया है। यूक्रेन की सेना रूसी हमलों का जवाब देने की कोशिश कर रही है, लेकिन लगातार हमलों से शहर के लोग डर और अनिश्चितता में जी रहे हैं। बीच में सीजफायर को लेकर दोनों देशों में होने वाली बातचीत से लोगों को शांति की उम्मीद थी, लेकिन उसमें भी कोई नतीजा नहीं निकला।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश