1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस ने यूक्रेन पर 619 ड्रोन और करीब 50 बैलिस्टिक मिसाइलों से किया बड़ा हमला, कई शहरों में भारी तबाही; 3 लोगों की मौत

रूस ने यूक्रेन पर 619 ड्रोन और करीब 50 बैलिस्टिक मिसाइलों से किया बड़ा हमला, कई शहरों में भारी तबाही; 3 लोगों की मौत

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 20, 2025 06:00 pm IST,  Updated : Sep 20, 2025 06:04 pm IST

रूसी सेना ने यूक्रेन पर बहुत भीषण हमला किया है। शनिवार को रूस ने यूक्रेन के अलग-अलग शहरों को निशाना बनाकर 600 से ज्यादा ड्रोन और दर्जनों बैलिस्टिक व क्रूज मिसाइलों से हमला किया।

यूक्रेन पर रूस ने किया बड़ा ड्रोन हमला (फाइल)- India TV Hindi
यूक्रेन पर रूस ने किया बड़ा ड्रोन हमला (फाइल) Image Source : AP

कीव: रूस ने यूक्रेन के विभिन्न शहरों में एक और बड़ा हमला किया है। रूसी सेना ने शनिवार तड़के यूक्रेन के विभिन्न क्षेत्रों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार रूस ने कम से कम 619 ड्रोन और 50 से अधिक बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों से भीषण हमला किया। 

यूक्रेन के कई क्षेत्र तबाह

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि हमले निप्रॉपेट्रोस, मायकोलाइव, चेर्निहाइव, जापोरिजिया, पोल्टावा, कीव, ओडेसा, सुमी और खार्किव सहित नौ क्षेत्रों में हुए। उन्होंने कहा, "दुश्मन का लक्ष्य हमारा बुनियादी ढांचा, आवासीय क्षेत्र और गैर सरकारी प्रतिष्ठान थे।" उन्होंने कहा कि क्लस्टर हथियारों से लैस एक मिसाइल ने द्निप्रो शहर में एक बहुमंजिला इमारत पर हमला किया। उन्होंने अपने आधिकारिक 'टेलीग्राम' पर एक बयान में कहा, "ऐसा प्रत्येक हमला सैन्य आवश्यकता नहीं है, बल्कि नागरिकों को डराने और हमारे बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए रूस की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।"

UN में ट्रंप से मुलाकात के दौरान उठाएंगे मुद्दाः जेलेंस्की

जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें अगले हफ्ते संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन और अमेरिका की प्रथम महिलाओं (राष्ट्रपति की पत्नी) के बीच, बच्चों से जुड़े मानवीय मुद्दों पर अलग-अलग बातचीत होने की संभावना है। स्थानीय गवर्नर सेरही लिसाक ने बताया कि यूक्रेन के मध्य द्निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र में हुए हमले में कम से कम 26 लोग घायल हुए हैं। पूर्वी शहर द्निप्रो में कई ऊंची इमारतें और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। यूक्रेन की वायुसेना ने एक बयान में कहा कि रूस ने 619 ड्रोन और मिसाइलें दागीं। कुल मिलाकर 579 ड्रोन, आठ बैलिस्टिक मिसाइलें और 32 क्रूज मिसाइलों का पता लगाया गया।

यूक्रेन ने किया सैकड़ों ड्रोन मार गिराने का दावा

यूक्रेनी सेना ने 552 ड्रोन, दो बैलिस्टिक मिसाइलें और 29 क्रूज मिसाइलें मार गिराईं और उन्हें निष्क्रिय कर दिया। रूस ने एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने से इनकार किया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस बात से इनकार किया है कि उसके विमानों ने एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया, जबकि एस्टोनिया सरकार ने बताया कि शुक्रवार को तीन लड़ाकू विमान बिना अनुमति के उसके क्षेत्र में घुस आए और 12 मिनट तक आसमान में मंडराते रहे।

शुक्रवार को एस्टोनियाई अधिकारियों ने कहा कि (एस्टोनिया) सरकार ने विरोध जताने के लिए एक रूसी राजनयिक को तलब किया, और नाटो के अनुच्छेद 4 के तहत ‘‘सहयोगियों के बीच परामर्श शुरू करने’’ का प्रस्ताव भी रखा है, जिसमें कहा गया है कि जब भी क्षेत्रीय अखंडता, राजनीतिक स्वतंत्रता या सुरक्षा को खतरा होगा, तो संबद्ध पक्ष विचार-विमर्श करेंगे। (एपी)

यह भी पढ़ें

पृथ्वी के कोर में देखा गया रहस्यमयी परिवर्तन, उपग्रह से ली गई तस्वीरों ने उड़ाई वैज्ञानिकों की नींद

इजरायली सेना ने गाजा पर फिर गिराई गाज, हवाई हमले में 14 फिलिस्तीनियों की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश