1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia Ukraine News : बड़े युद्ध में बदल सकता है यूक्रेन पर रूस का हमला? जानें कैसे तेजी से बदल रहे हैं हालात

Russia Ukraine News : बड़े युद्ध में बदल सकता है यूक्रेन पर रूस का हमला? जानें कैसे तेजी से बदल रहे हैं हालात

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 24, 2022 01:46 pm IST,  Updated : Feb 24, 2022 01:46 pm IST

यूक्रेन पर रूसी सैनिकों के हमले के बाद जिस तरह से अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की प्रतिक्रिया आई है उससे इस युद्ध के लंबा खिंचने के आसार नजर आने लगे हैं।

Ukrainian serviceman,  Svitlodarsk, eastern Ukraine- India TV Hindi
Ukrainian serviceman,  Svitlodarsk, eastern Ukraine Image Source : AP/PTI

Highlights

  • लड़ाई लंबी चली तो यह बड़े युद्ध का ले सकता है रूप
  • हमले से होनेवाली मौतों के लिए केवल रूस जिम्मेदार-बायडेन

नयी दिल्ली: आखिरकार रूस ने यूक्रेन पर हमला कर ही दिया जिसकी संभावना पिछले कुछ दिनों से लगातार बनी हुई थी। हालांकि बीच के दिनों में रूस ने अपने कुछ सैनिकों को वापस बुलाकर दुनिया को यह जताने की कोशिश की थी कि वह यूक्रेन की सीमा से अपने सैनिकों को हटा रहा है। लेकिन गुरुवार को राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन पर मिलिट्री एक्शन की इजाजत दे दी और रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमला शुरू कर दिया। यह लड़ाई कितनी लंबी खिंचेगी इसपर फिलहाल कुछ कहा नहीं जा सकता है। लेकिन माना जा रहा है कि अगर यह युद्ध लंबा खिंचेगा तो बड़े युद्ध में बदल सकता है । 

विश्वयुद्ध का खतरा 

हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है राष्ट्रपति पुतिन और उनके सलाहकारों की योजना क्या है। रूस की सेना यूक्रेन में कहां तक दाखिल होगी। पूरे यूक्रेन पर कब्जे का प्लान है या फिर यह कुछ खास शहरों तक सीमित रहेगा। यूक्रेन पर रूसी सैनिकों के हमले के बाद जिस तरह से अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की प्रतिक्रिया आई है उससे इस युद्ध के लंबा खिंचने और तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा भी मंडराने लगा है। 

रूस जिम्मेदार-बायडेन

अमेरिका ने रूस के इस कदम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राष्ट्रपति जो बायडेन ने कहा है कि इस हमले से होनेवाली मौतों के लिए केवल रूस जिम्मेदार होगा। उधर, नाटो देश भी यूक्रेन के खिलाफ रूसी कार्रवाई के खिलाफ लामबंद होने लगे हैं। यूक्रेन नाटो में शामिल होना चाहता था लेकिन रूस को इसपर सख्त आपत्ति थी। 

यूक्रेन के पक्ष में उतर सकती है नाटो की सेना

हालांकि अभी तक नाटो यूक्रेन के पक्ष में लड़ाई के मैदान में नहीं उतरा है। नाटो और रूस की सेना का अभी आमना-सामना नहीं हुआ है लेकिन अगर नाटो की सेना यूक्रेन के पक्ष में मैदान में उतर गईं तो यह लड़ाई रूस के लिए बहुत आसान नहीं रहेगी। धीरे-धीरे कई देश इस युद्ध में शामिल होंगे और यह लंबा खिंचेगा, ऐसी स्थिति में यह विश्व युद्ध का रूप भी ले सकता है। 

यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना-रूस

जानकारों का मानना है कि चीन इस मुद्दे पर रूस के साथ रहेगा क्योंकि वह किसी सूरत में इस मुद्दे पर अमेरिका का साथ नहीं देगा। वहीं पश्चिमी देशों के नेताओं को इस बात की चिंता है कि रूस का यूक्रेन पर हमला आंशिक तौर पर नहीं बल्कि बड़े स्तर पर होगा। और यह शुरुआती हमलों में साफ नजर आ रहा है। रूस ने जिस तेजी से हमला किया है उससे लग रहा है कि पूरे यूक्रेन पर कब्जा करने की तैयारी में है।उधर, रूसी सेना ने दावा किया है कि उसने हमले में केवल यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश