1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. यूक्रेन में रूस ने ताबड़तोड़ मिसाइलें दागीं,ड्रोन से भी किया हमला, 16 लोगों की मौत, बातचीत के लिए जेलेंस्की तुर्किये गए

यूक्रेन में रूस ने ताबड़तोड़ मिसाइलें दागीं,ड्रोन से भी किया हमला, 16 लोगों की मौत, बातचीत के लिए जेलेंस्की तुर्किये गए

 Published : Nov 19, 2025 09:38 pm IST,  Updated : Nov 19, 2025 09:38 pm IST

यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रात भर 476 यूक्रेनी ठिकानों पर डिकॉय ड्रोन से हमले किये तथा विभिन्न प्रकार की 48 मिसाइलें दागीं। हमले में 16 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए।

russia attack ukraine- India TV Hindi
यूक्रेन पर रूस का हमला Image Source : AP

कीव: यूक्रेन में मंगलवार रात रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले में 16 लोगों की मौत हो गई और 37 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की रूस पर दबाव बनाने के प्रयासों के तहत तुर्किये में वार्ता करने गए हैं। गृह मंत्री इहोर क्लिमेंको के अनुसार, पश्चिमी यूक्रेन के शहर टेरनोपिल में नौ मंजिला दो अपार्टमेंट ब्लॉक पर रात में हमले हुए। हमले में कम से कम 66 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें 16 बच्चे भी शामिल हैं। 

यूक्रेनी ठिकानों पर डिकॉय ड्रोन से हमले

यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रात भर 476 यूक्रेनी ठिकानों पर डिकॉय ड्रोन से हमले किये तथा विभिन्न प्रकार की 48 मिसाइलें दागीं। जेलेंस्की ने मैसेजिंग ऐप ‘टेलीग्राम’ पर लिखा, ‘‘आम जीवन के खिलाफ हर बेशर्म हमला यह दर्शाता है कि रूस पर (युद्ध रोकने के लिए) दबाव अपर्याप्त है।’’ जेलेंस्की ने कहा कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को कूटनीतिक रूप से अलग-थलग करने और उनपर अधिक अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाने के अपने प्रयासों के तहत बुधवार को तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन से मुलाकात करेंगे। 

खारकीव में 46 लोग घायल

यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर, उत्तर-पूर्वी खारकीव में, रूसी ड्रोन हमलों में दो लड़कियों समेत 46 लोग घायल हो गए। खारकीव के क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनीहुबोव ने टेलीग्राम पर कहा कि ड्रोन हमलों ने कम से कम 16 आवासीय भवनों, एक एंबुलेंस स्टेशन, स्कूल और अन्य नागरिक ढांचों को निशाना बनाया। इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन ने मंगलवार को रूसी शहर वोरोनिश पर अमेरिका द्वारा निर्मित चार एटीएसीएमएस मिसाइलें दागीं। मंत्रालय ने बताया कि चारों मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया, लेकिन मलबे से एक अनाथालय और एक वृद्धावस्था केंद्र को नुकसान पहुंचा। मंत्रालय ने बताया कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। 

हमले से पहले जेलेंस्की ने क्या कहा था?

बता दें कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा था कि वह रूस के साथ लगभग चार वर्षों से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत को गति देने के प्रयासों के तहत इस सप्ताह तुर्किये की यात्रा पर जाएंगे। लेकिन क्रेमलिन (रूस का राष्ट्रपति कार्यालय) ने कहा कि रूस की तरफ से कोई नहीं जाएगा। तुर्किये ने इस साल की शुरुआत में यूक्रेन और रूस के बीच बातचीत की मेजबानी की थी, हालांकि इस्तांबुल में हुई वार्ता में केवल युद्धबंदियों के आदान-प्रदान पर ही कुछ प्रगति हो पाई थी। वहीं, अमेरिका की अगुवाई वाले अंतरराष्ट्रीय शांति प्रयास भी अब तक किसी बड़ी सफलता तक नहीं पहुंच सके हैं। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश