1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia Ukraine War News : निर्णायक दौर में पहुंचा रूस-यूक्रेन युद्ध ! हो सकते हैं दूरगामी परिणाम

Russia Ukraine War News : निर्णायक दौर में पहुंचा रूस-यूक्रेन युद्ध ! हो सकते हैं दूरगामी परिणाम

 Published : Jun 15, 2022 01:40 pm IST,  Updated : Jun 15, 2022 01:48 pm IST

Russia Ukraine War News: माना जा रहा है कि यह युद्ध अब एक ऐसे मोड़ पर आ पहुंचा है कि इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।

Russia Ukraine War News- India TV Hindi
Russia Ukraine War News Image Source : AP

Highlights

  • रूसी हमलों के आगे दम तोड़ रहे यूक्रेन के हथियार
  • पश्चिमी देशों से भारी हथियार मांग रहा यूक्रेन

Russia Ukraine War News : पश्चिमी देशों की खुफिया एजेंसियों और सैन्य अधिकारियों का मानना है कि रूस और यूक्रेन युद्ध एक निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा है। इस युद्ध में अब यूक्रेन के हथियार रूसी हमलों के आगे दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। यूक्रेन लगातार अपने पश्चिमी मददगार देशों से भारी हथियारों की मांग कर रहा है। रूस की सेना ने पूर्वी यूरोप के रणनीतिक रूप से दो अहम शहरों के आसपास अपने आर्टिलरी को स्थापित कर लिया है। माना जा रहा है कि यह युद्ध अब एक ऐसे मोड़ पर आ पहुंचा है कि इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।  

सिवेरोदोनेत्स्क के करीब 80 फीसदी हिस्से पर रूस का कब्जा

उधर, रूसी सैनिकों ने पूर्वी यूक्रेन में भीषण लड़ाई के गवाह सिवेरोदोनेत्स्क के करीब 80 फीसदी हिस्से पर कब्जा कर लिया है और शहर से बाहर जाने वाले सभी तीन पुलों को नष्ट कर दिया है। वहीं यूक्रेने के अधिकारी अभी भी घायलों को निकालने की कोशिशों में जुटे हैं। पूर्वी लुहांस्क क्षेत्र के गवर्नर सरहेई हैदई ने कहा कि सिवेरोदोनेत्स्क से अब बड़ी संख्या में लोगों की एक साथ निकासी संभव नहीं है, क्योंकि शहर में लगातार गोलाबारी और लड़ाई जारी है। उन्होंने बताया कि रूस द्वारा भारी गोलाबारी और ‘स्कॉर्च्ड अर्थ मेथड’ (दुश्मन के लिए फायदेमंद हर चीज को नष्ट करने की सैन्य रणनीति) के इस्तेमाल ने यूक्रेनी सैनिकों को शहर के बाहरी औद्योगिक क्षेत्र में धकेल दिया है। 

सिवेरोदोनेत्स्क में करीब 12 हजार लोग फंसे

हैदई ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि रूसी सैनिकों ने फिलहाल रणनीतिक लिहाज से अहम इस शहर को ब्लॉक नहीं किया है। उन्होंने कहा, 'अभी भी घायलों को निकालने और यूक्रेनी सेना व स्थानीय निवासियों के बीच संचार का अवसर मौजूद है।' हैदई के मुताबिक, युद्ध से पहले सिवेरोदोनेत्स्क की आबादी एक लाख के करीब थी, लेकिन अब वहां लगभग 12,000 लोगों के होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि 500 से ज्यादा नागरिकों ने अजोत केमिकल प्लांट में शरण ले रखी है, जहां पर रूसी सैनिकों द्वारा भीषण गोलाबारी की जा रही है। 

अजोत केमिकल प्लांट में फंसे लोगों के लिए ह्यूमैन कॉरिडोर

हैदई के मुताबिक, सोमवार को लुहांस्क क्षेत्र से कुल 70 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस बीच, एक रूसी सैन्य अधिकारी ने कहा कि सिवेरोदोनेत्स्क के अजोत केमिकल प्लांट से नागरिकों की निकासी के लिए बुधवार को एक मानवीय गलियारा खोला जाएगा। कर्नल जनरल मिखाइल मिजिन्त्सेव ने बताया कि अजोत केमिकल प्लांट से निकाले गए नागरिकों को 60 किलोमीटर दूर उत्तर में स्थित स्वेतोवो शहर ले जाया जाएगा, जो रूसी बलों और अलगाववादियों के नियंत्रण में है। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश