1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. नए साल से ठीक पहले रूस ने यूक्रेन को दिखाई अकड़, जानिए अब क्या किया

नए साल से ठीक पहले रूस ने यूक्रेन को दिखाई अकड़, जानिए अब क्या किया

 Published : Dec 31, 2024 05:48 pm IST,  Updated : Dec 31, 2024 05:48 pm IST

रूस ने यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। राजधानी कीव सहित अन्य क्षेत्रों में मिसाइल और ड्रोन से कई हमले किए गए हैं। रूस ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने कई यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए हैं।

वोलोदिमीर जेलेंस्की और व्लादिमीर पुतिन - India TV Hindi
वोलोदिमीर जेलेंस्की और व्लादिमीर पुतिन Image Source : FILE

कीव: रूस ने मंगलवार को यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई क्षेत्रों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए। यूक्रेन की वायु सेना ने तड़के तीन बजे बैलिस्टिक मिसाइल के खतरे की सूचना दी, जिसके कुछ ही मिनटों बाद कीव में कम से कम दो धमाके सुने गए। सुबह आठ बजे एक और मिसाइल अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद शहर में कम से कम एक विस्फोट हुआ। स्थानीय प्रशासन ने कहा कि मिसाइल का मलबा राजधानी के डार्नित्स्की जिले में गिरा, लेकिन किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है। 

बिजली की आपूर्ति बाधित

पूर्वोत्तर में सूमी क्षेत्र के अधिकारियों ने शोस्तका शहर के पास हमलों की सूचना दी। सूमी के मेयर मायकोला नोहा ने कहा कि 12 आवासीय इमारतों के साथ-साथ दो शैक्षणिक परिसरों को भी नुकसान पहुंचा है। वायु सेना ने यूक्रेन के कई अन्य क्षेत्रों को निशाना बनाकर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किए जाने की भी सूचना दी है। युद्ध के दौरान यूक्रेन का लगभग आधा ऊर्जा बुनियादी ढांचा नष्ट हो गया है और बड़े पैमाने पर बिजली की आपूर्ति बाधित हुई है। यूक्रेन के पश्चिमी सहयोगियों ने उसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए वायु रक्षा प्रणाली प्रदान की है। लेकिन, रूस ने बड़ी संख्या में मिसाइलों और ड्रोन के साथ संयुक्त हमलों के जरिए उसकी वायु रक्षा को तबाह करने की कोशिश की है। 

रूस और यूक्रेन के बीच जंग
Image Source : APरूस और यूक्रेन के बीच जंग

रूस ने मार गिराए यूक्रेनी ड्रोन

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने मंगलवार की सुबह कई क्षेत्रों में 68 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। पश्चिमी रूस में स्मोलेंस्क क्षेत्र के प्रमुख वसीली अनोखिन ने कहा कि ड्रोन के टुकड़े एक तेल डिपो के क्षेत्र में गिरे, जिससे आग लग गई। 

अमेरिका दे रहा है हथियार

इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने घोषणा की है कि उनका देश यूक्रेन को लगभग 2.5 अरब अमेरिकी डॉलर के अतिरिक्त हथियार भेजेगा। बाइडेन ने कहा कि उनका प्रशासन डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद का प्रभार ग्रहण करने से पहले यूक्रेन को रूस से लड़ने में मदद करने के लिए अपने पास उपलब्ध धन को खर्च करने के लिए तेजी से काम कर रहा है। (एपी)

यह भी पढ़ें:

इधर चल रही जंग उधर रूस-यूक्रेन ने कर दिया बड़ा काम, अहम रही UAE की भूमिका

पाकिस्तान की सियासत में जल्द दिख सकते हैं बड़े बदलाव, जानिए आखिर चल क्या रहा है

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश