1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. 3 मासूम बच्चों के साथ मारा गया पिता, गर्भवती मां घायल; यूक्रेन में रूसी ड्रोन ने मचाया आतंक

3 मासूम बच्चों के साथ मारा गया पिता, गर्भवती मां घायल; यूक्रेन में रूसी ड्रोन ने मचाया आतंक

 Published : Feb 11, 2026 07:39 pm IST,  Updated : Feb 11, 2026 07:39 pm IST

Ukraine family killed | यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमले में एक पिता और उसके तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 35 हफ्ते की गर्भवती मां गंभीर रूप से घायल है। बोहोदुखिव में घटना के बाद तीन दिन का शोक घोषित किया गया है।

Russia Ukraine war, Kharkiv drone attack, Russian drone strike Ukraine- India TV Hindi
ड्रोन अटैक में मकान पूरी तरह तबाह हो गया। Image Source : AP

Ukraine Family Killed | यूक्रेन के उत्तर-पूर्व में स्थित खार्किव क्षेत्र से एक दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खार्किव में रूस के एक ड्रोन हमले में एक घर में मौजूद पिता और 3 मासूम बच्चों की मौत हो गई जबकि 35 हफ्ते की गर्भवती मां गंभीर रूप से घायल है। अधिकारियों ने बुधवार को घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ड्रोन ने बोहोदुखिव शहर में एक घर को पूरी तरह तबाह कर दिया और उसमें आग लग गई। उन्होंने बताया कि घर के मलबे में पूरा परिवार दफन हो गया था।

जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है मां

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में 34 साल के पिता और उसके 3 बच्चों की मौत हो गई। मारे गए बच्चों में 2 साल के जुड़वां बेटे और एक साल की बेटी शामिल है। बचावकर्मियों ने मां को जिंदा बाहर निकाल लिया, लेकिन वह भी बुरी तरह घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घर पर Geran-2 ड्रोन से हमला किया गया था, जो ईरानी शाहेद ड्रोन का रूसी संस्करण है। बता दें कि बोहोदुखिव शहर रूसी सीमा से सिर्फ 22 किलोमीटर दूर है और जंग से पहले इसकी आबादी लगभग 15,000 थी।

Russia Ukraine war, Kharkiv drone attack, Russian drone strike Ukraine
Image Source : APमलबे से महिला को किसी तरह जिंदा निकाला गया।

बोहोदुखिव में 3 दिन का शोक घोषित

बोहोदुखिव के मेयर वोलोडिमिर बिएली ने फेसबुक पर लिखा, 'हमने सबसे कीमती चीज खो दी, और वह है हमारा भविष्य। परिवार को सांत्वना देने के लिए कोई शब्द नहीं हैं। कोई प्रार्थना नहीं जो उस मां के दिल के जख्म को भर सके, जिसने अपने बच्चे खो दिए हैं।' मेयर ने मां की हालत पर चिंता जताई और 3 दिनों का शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय झंडे आधे झुके रहेंगे और सभी मनोरंजन व सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द रहेंगे। उन्होंने लिखा, 'हम सहेंगे। हम याद रखेंगे। हम अपनी जमीन पर हुई इस भयावह घटना के लिए कभी माफी नहीं देंगे।'

यूक्रेन ने भी रूस पर किया ड्रोन अटैक

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा, 'ऐसा हर रूसी हमला कूटनीति से युद्ध खत्म करने की कोशिशों पर भरोसा कम करता है और बार-बार साबित करता है कि रूस पर मजबूत दबाव और यूक्रेन के लिए स्पष्ट सुरक्षा गारंटी ही हत्याओं को रोकने की असली कुंजी है।' यूक्रेन की वायु सेना के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन पर रात भर 129 लंबी दूरी के ड्रोन दागे। इस बीच, यूक्रेन के ड्रोन हमले से रूस के वोल्गोग्राड शहर में एक इंडस्ट्रियल प्लांट में आग लग गई। क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रेई बोचारोव ने कहा कि ड्रोन के टुकड़ों से एक अपार्टमेंट बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश