1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस के लापता हेलीकॉप्टर का चल गया पता, दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 22 में से 17 लोगों के शव बरामद

रूस के लापता हेलीकॉप्टर का चल गया पता, दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 22 में से 17 लोगों के शव बरामद

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 01, 2024 05:32 pm IST,  Updated : Sep 01, 2024 05:32 pm IST

रूस में शनिवार को लापता हुए हेलीकॉप्टर का पता लगा लिया गया है। रूसी एजेंसियों के अनुसार यह हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिस पर सवार 22 में से 17 लोगों का शव मिल गया है। बाकियों की तलाश जारी है।

रूस का लापता हेलीकॉप्टर (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi
रूस का लापता हेलीकॉप्टर (प्रतीकात्मक फोटो) Image Source : AP

मॉस्कोः रूस के सुदूर पूर्व में लापता हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद जानकारी सामने आ रही है। इस पर सवार 22 लोगों में से 17 के शव बरामद कर लिये गये हैं। रूस के अधिकारियों ने आज यह जानकारी देते हुए कहा कि हेलीकॉप्टर के मलबे का भी पता लगा लिया गया है। रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने कहा कि 17 लोगों के शव पाए गए हैं और बचावकर्मी शेष लोगों की तलाश में जुटे हैं। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए नोवोस्ती’ ने आपातकालीन मंत्रालय के हवाले से कहा कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की मौत हो जाने की आशंका है।

ऐसा माना जाता है कि खराब मौसम और खराब दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने टेलीग्राम पर लिखा, ‘‘हवाई सर्वेक्षण करके लापता हेलीकॉप्टर के मलबे का पता लगाया गया है। यह उस स्थान के निकट 900 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जहां से इससे आखिरी बार संपर्क हुआ था।’’ हेलीकॉप्टर पर सवार यात्रियों या चालक दल के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

शनिवार को कामचटका क्षेत्र से हुआ था लापता

रूस की संघीय वायु परिवहन एजेंसी ने इसके पहले एक बयान में कहा था कि एमआई-आठ हेलीकॉप्टर ने शनिवार को कामचटका क्षेत्र में वाचकाज़ेट्स ज्वालामुखी के करीब उड़ान भरी, लेकिन निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इसमें कहा गया है कि उसका मानना ​​है कि विमान में 19 यात्री और चालक दल के तीन सदस्य सवार थे। एमआई-आठ दो इंजन वाला हेलीकॉप्टर है जिसे वर्ष 1960 में बनाया गया था। इसका रूस समेत अन्य देशों में व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाता है। (भाषा)

यह भी पढ़ें

क्या है अमेरिका के "अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री" का इतिहास, जहां ट्रंप के जाने को कमला हैरिस ने बताया "राजनीतिक स्टंट"


बांग्लादेश में ये क्या हो रहा? 49 हिंदू और अल्पसंख्यक शिक्षकों से जबरन ले लिया गया इस्तीफा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश