1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष को ले जा रहे विमान पर संदिग्ध रूप से रूसी कार्रवाई, बुल्गारिया के ऊपर जाम हुआ रडार

यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष को ले जा रहे विमान पर संदिग्ध रूप से रूसी कार्रवाई, बुल्गारिया के ऊपर जाम हुआ रडार

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 01, 2025 04:13 pm IST,  Updated : Sep 01, 2025 04:20 pm IST

यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष को ले जा रहे एक विमान का रडार जाम हो गया है। इसे संदिग्ध रूप से रूस की कार्रवाई माना जा रहा है।

European Commission- India TV Hindi
यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन Image Source : AP

ब्रुसेल्स: यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन को ले जा रहा एक विमान बुल्गारिया के ऊपर एक संदिग्ध रूसी कार्रवाई में रडार जाम होने की चपेट में आ गया। एक प्रवक्ता ने सोमवार को ये जानकारी दी है। 

आयोग की प्रवक्ता एरियाना पोडेस्टा ने बताया कि विमान प्लोवदिव हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और वॉन डेर लेयेन, रूस और बेलारूस की सीमा से लगे यूरोपीय संघ के देशों का अपना नियोजित दौरा जारी रखेंगी।

हालही में ट्रंप और जेलेंस्की से बात की थी

हालही में यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की थी। ये बातचीत गुरुवार को हुई थी। इस बातचीत के बाद यूरोपीय संघ की प्रमुख ने सोशल मीडिया पर लिखा था, "रूसी राष्ट्रपति पुतिन को बातचीत की टेबल पर आना चाहिए।"

उन्होंने लिखा था, "कीव पर रूस द्वारा बड़े पैमाने पर किए गए हवाई हमले के बाद अभी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात की। पुतिन को बातचीत की मेज पर आना चाहिए। हमें ये सुनिश्चित करना चाहिए कि यूक्रेन में स्थायी शांति आए और उसे सुरक्षा गारंटी भी मिले और यूरोप इसमें अपनी भूमिका जरूर निभाएगा।" यह घटनाक्रम रूस द्वारा कीव पर हवाई हमले के बाद सामने आया था।

रूस ने कीव पर किया था बड़ा हमला

हालही में रूस ने कीव पर भीषण हमला किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रेमलिन ने 31 मिसाइलें दागीं थीं और करीब 600 ड्रोन उड़ाए थे, जिसमें करीब 21 लोगों की मौत की बात सामने आई थी और 50 से ज्यादा अन्य लोग घायल हो गए थे। 

बता दें कि उर्सुला वॉन डेर लेयेन के विमान से जुड़ी खबर ऐसे वक्त में सामने आई है, जब पुतिन SCO समिट में भाग लेने के लिए चीन गए हुए हैं। चीन में पुतिन और पीएम मोदी की आज ही मुलाकात भी हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश